कल कॉलेजों में लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर, पूर्णिया विवि ने नियुक्त किए दो नोडल पदाधिकारी
पूर्णिया विवि लोगो | Prabhat Khabar Network
पूर्णिया विश्वविद्यालय में 25 अगस्त से विद्यार्थी सहयोग शिविर शुरू होगा। छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए दो नोडल पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
पूर्णिया : बिहार सरकार की सात निश्चय-3 योजना के तहत विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए 25 अगस्त से प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को महाविद्यालयों में विद्यार्थी सहयोग शिविर लगाया जाएगा. पूर्णिया विश्वविद्यालय ने इसके लिए सभी प्रधानाचार्यों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.
आपके शहर में
शिकायतों का 30 दिनों में होगा निस्तारण. शिविर में विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं अन्य समस्याओं और शिकायतों को दर्ज किया जाएगा. प्राप्त शिकायतों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत अधिकतम 30 दिनों के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा. विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शिविर में कियोस्क, कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट की व्यवस्था भी रहेगी.
विश्वविद्यालय स्तर पर दो नोडल पदाधिकारी. महाविद्यालयों के साथ समन्वय के लिए वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. इश्तियाक अहमद को विश्वविद्यालय स्तर पर नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. वहीं जिला प्रशासन से आवश्यक समन्वय के लिए अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. श्वेता कुमारी को नोडल पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गयी है.
हर कॉलेज में भी नियुक्त होंगे नोडल पदाधिकारी. विश्वविद्यालय ने सभी प्रधानाचार्यों को अपने-अपने महाविद्यालय में एक नोडल पदाधिकारी नियुक्त करने का निर्देश दिया है. ये पदाधिकारी शिविर के आयोजन, विद्यार्थियों की शिकायतों के संकलन और उनके प्रभावी निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे. विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना की जानकारी मीडिया पदाधिकारी प्रो. संतोष कुमार सिंह ने दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए