एनपीएस के विरोध में 1 सितंबर को काला बिल्ला लगाकर विरोध जताएंगे शिक्षक-कर्मी
23 पूर्णिया 13- कन्वेंशन में शामिल संघ के नेता एवं अन्य | Prabhat Khabar Network
बिहार में पुरानी पेंशन बहाली और अन्य मांगों को लेकर 1 सितंबर को शिक्षक और कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर एनपीएस का विरोध प्रदर्शन करेंगे। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।
पूर्णिया : बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (गोपगुट) की पूर्णिया शाखा के कन्वेंशन में पुरानी पेंशन लागू करने समेत विभिन्न मांगों पर चर्चा हुई. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 1 सितंबर 2026 को सभी कार्यालयों और विद्यालयों में शिक्षक-कर्मी काला बिल्ला लगाकर एनपीएस का विरोध करेंगे.
आपके शहर में
पुरानी पेंशन समेत कई मांगों पर चर्चा. कन्वेंशन की अध्यक्षता महासंघ के जिलाध्यक्ष पवन कुमार जायसवाल ने की, जबकि संचालन सचिव सुभाष चंद्र गुप्ता ने किया. मुख्य अतिथि महासंघ (गोपगुट) के महासचिव प्रेमचंद सिन्हा ने शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन लागू करने की मांग की. उन्होंने नियोजित शिक्षकों को कालबद्ध प्रोन्नति, सभी शिक्षकों के लिए एक पदनाम और एक वेतनमान तथा अनुबंध, मानदेय, संविदा और आउटसोर्स कर्मियों की सेवा नियमित करने की मांग उठायी.
प्रखंड स्तर पर चलेगा संपर्क अभियान. राज्य सचिव गोपाल पासवान, बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सह कोषाध्यक्ष अनवार करीम और सम्मानित अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि मांगों को लेकर सभी प्रखंडों में संपर्क अभियान चलाया जाएगा. इसके बाद 1 सितंबर को महासंघ के आह्वान पर सभी शिक्षक और कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर एनपीएस का विरोध करेंगे.
कर्मचारियों के स्थानांतरण और स्थायीकरण की मांग. वक्ताओं ने एएनएम और राजस्व कर्मचारियों समेत अन्य कर्मियों के गृह जिला अथवा नजदीकी जिलों में स्थानांतरण की मांग भी उठायी. मौसमी एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित काम देने और उनकी सेवा स्थायी करने पर भी जोर दिया गया.
कन्वेंशन में प्राथमिक शिक्षक गोपगुट के सचिव राजकिशोर यादव, विभूति जायसवाल, माध्यमिक/उच्च माध्यमिक के जिला संयोजक प्रिंस राज समेत बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए