कटिहार में सास से विवाद के बाद बहू ने खाया जहर: पूर्णिया GMCH में इलाज के दौरान मौत

शव के साथ मृतका के पति व पतिजन | Prabhat Khabar Network
कटिहार जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां सास के साथ हुए तीखे घरेलू विवाद के बाद एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ निगल लिया. बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया GMCH ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों लाख कोशिशों के बावजूद महिला की जान नहीं बचाई जा सकी.
कटिहार जिले के प्राणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनपुर गांव से एक बेहद दर्दनाक और संवेदनशील मामला सामने आया है. यहां सास के साथ हुए तीखे घरेलू विवाद से क्षुब्ध होकर एक विवाहिता ने घर में रखा जहरीला पदार्थ निगल लिया. आनन-फानन में उसे बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की लाख कोशिशों के बाद भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया.
खेत से लौटा पति, तो फर्श पर बेसुध पड़ी थी पत्नी
मृतका की पहचान प्राणपुर प्रखंड के लखनपुर गांव निवासी बेचन शर्मा की पत्नी रूमा देवी के रूप में की गई है. मृतका के पति ने बताया कि घर में किसी बात को लेकर उनकी पत्नी और मां (सास) के बीच काफी तीखी बहसबाजी दमतोड़ाहुई थी.
लड़ाई से रूमा देवी इतनी ज्यादा मानसिक रूप से आहत हो गई कि उसने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला कर लिया. उसने घर में रखी खेतों में छिड़काव करने वाली कीटनाशक दवा खा ली. घटना के समय उसका पति खेत में काम करने गया हुआ था. जब वह काम खत्म कर वापस घर लौटा, तो उसने अपनी पत्नी को कमरे के फर्श पर बेसुध और अचेत अवस्था में पड़ा देखा.
पीएचसी से पूर्णिया जीएमसीएच किया गया था रेफर
पत्नी की गंभीर हालत को देखते हुए पति के होश उड़ गए. उसने तुरंत शोर मचाकर आस-पास के ग्रामीणों को इकट्ठा किया. स्थानीय लोगों की मदद से महिला को तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया.
वहां प्राथमिक उपचार के बाद भी महिला की बिगड़ती और नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर लाइफ सपोर्ट और इलाज के लिए तुरंत पूर्णिया जीएमसीएच (GMCH) रेफर कर दिया. हालांकि, जीएमसीएच के आपातकालीन वार्ड में डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका.
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा साया, पुलिस जांच में जुटी
इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मृतका अपने पीछे एक मासूम बेटा और एक बेटी छोड़ गई है, जिनके सिर से अब मां का आंचल हमेशा के लिए उठ गया है.
पोस्टमार्टम के बाद होगी आगे की कार्रवाई:
अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पूर्णिया जीएमसीएच टीओपी (TOP) पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की लिखित डायरी तैयार कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के लिखित बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विकास वर्मा
विकास वर्मा प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










