पूर्णिया: मरंगा में अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को रौंदा, अररिया के युवक की मौत, एक घायल
घायल बुजुर्ग का चल रहा इलाज | Prabhat Khabar Network
पूर्णिया में भीषण सड़क हादसे में अररिया के एक युवक की मौत हो गई. मरंगा थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित ट्रक ने वीवीआईटी मोड़ के पास मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को कुचल दिया. पुलिस फरार ट्रक की तलाश कर रही है.
पूर्णिया जिले के मरंगा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और अनियंत्रित भारी वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामले में वीवीआईटी (VVIT) मोड़ के समीप एक बेकाबू ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए. वारदात के बाद चालक वाहन की गति तेज कर ट्रक समेत मौके से भागने में सफल रहा.
जमात में शामिल होने जा रहे थे रिश्तेदार
मृतक की पहचान अररिया जिले के महलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत कलकली गांव निवासी मोहम्मद मंजूर के रूप में हुई है. वहीं गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की पहचान कलकली निवासी मो. रईसुद्दीन के रूप में की गई है. दोनों आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं.
अस्पताल में उपचाराधीन घायल मो. रईसुद्दीन ने बताया कि वे दोनों बाइक पर सवार होकर अपने गांव कलकली से मरंगा में आयोजित एक धार्मिक जमात में शामिल होने जा रहे थे. जैसे ही वे मरंगा थाना क्षेत्र के वीवीआईटी मोड़ के समीप पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारते हुए रौंद दिया.
पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, शव का कराया पोस्टमार्टम
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलते ही मरंगा थाना की गश्ती पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की सहायता से लहूलुहान पड़े बुजुर्ग रईसुद्दीन को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया.
वहीं मृत युवक मो. मंजूर के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) पूर्णिया भेज दिया गया.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की जानकारी मिलते ही अररिया से मृतक और घायल के परिजनों का जीएमसीएच पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया. अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.
मरंगा थाना पुलिस ने बताया कि मृतक की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दे दी गई है. फरार ट्रक और चालक की धरपकड़ के लिए घटनास्थल और आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए