नवरात्रि से पहले पूर्णिया में उठी स्वच्छता की अलख: ग्रीन पूर्णिया की टीम ने मधुबनी दुर्गा मंदिर में चलाया महा-सफाई अभियान

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

ग्रीन पूर्णिया ने नवरात्रि से पहले मधुबनी दुर्गा मंदिर में एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया. संस्था के अध्यक्ष डॉ. अनिल गुप्ता ने श्रद्धालुओं से साफ-सफाई रखने और कूड़ेदान का प्रयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा, 'प्रसाद ग्रहण के बाद पत्तल फेंकना आस्था नहीं.'

विज्ञापन

शारदीय नवरात्रि और पावन दुर्गा पूजा के आगमन से पूर्व शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के संकल्प के साथ सामाजिक संस्था 'ग्रीन पूर्णिया' के सदस्यों ने जमीनी स्तर पर मोर्चा संभाल लिया है.

विज्ञापन

संस्था की समर्पित टीम ने पूर्णिया शहर के प्रसिद्ध मधुबनी स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में पहुंचकर सघन विशेष स्वच्छता अभियान चलाया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने खुद झाड़ू और कचरा उठाने वाले उपकरण थामकर मंदिर प्रांगण, मुख्य प्रवेश द्वार और आसपास की गलियों में जमा कचरे की सफाई की तथा उसे उचित तरीके से निस्तारित किया.

'प्रसाद ग्रहण के बाद पत्तल फेंकना आस्था नहीं': डॉ. अनिल कुमार गुप्ता

स्वच्छता अभियान का नेतृत्व कर रहे 'ग्रीन पूर्णिया' के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने श्रद्धालुओं, स्थानीय दुकानदारों और पूजा समितियों से स्वच्छता बनाए रखने का सीधा आह्वान किया.

डॉ. गुप्ता ने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि दुर्गा पूजा के दौरान भक्त बड़ी श्रद्धा से महाप्रसाद ग्रहण करते हैं, लेकिन उसके तुरंत बाद डिस्पोजेबल प्लेटें, थर्माकोल के दोने और पत्तल मंदिर परिसर या सड़कों पर ही लापरवाही से फेंक देते हैं. इससे न केवल देव स्थल की पवित्रता भंग होती है बल्कि वातावरण भी दूषित होता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि भक्ति केवल पूजा-पाठ या अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, अपने आसपास के परिवेश और देवालयों को निर्मल रखना ही ईश्वर की सबसे सच्ची आराधना है.

कूड़ेदान के इस्तेमाल की अपील, अन्य मंदिरों में भी चलेगा अभियान

संस्था ने श्रद्धालुओं और पूजा आयोजकों से विनम्र आग्रह किया कि वे प्रसाद वितरण स्थलों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन (कूड़ेदान) की व्यवस्था करें और आमजन खाली प्लेटों को केवल निर्धारित स्थान पर ही डालें.

ग्रीन पूर्णिया के सदस्यों ने संकल्प लिया कि नवरात्रि के पावन दिनों को देखते हुए शहर के अन्य प्रमुख देवी मंदिरों, शक्तिपीठों और पूजा पंडालों के आसपास भी यह जागरूकता और स्वच्छता अभियान निरंतर जारी रहेगा. उल्लेखनीय है कि यह संस्था लंबे समय से शहर के पार्कों, धार्मिक स्थलों और चौराहों के सौंदर्यीकरण में जुटी हुई है.

अभियान में दर्जनों युवाओं और महिलाओं ने दिया श्रमदान

मधुबनी दुर्गा मंदिर में चले इस श्रमदान कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.

अभियान को सफल बनाने में अजय कांत झा, गौतम भौमिक, रविन्द्र साह, आलोक लोहिया, अशोक मिश्रा, आर्यन, शुभम्, वैष्णवी, संजीव मिश्रा, भूपेंद्र कुमार यादव, गौतम कुमार, संजय कुमार, सपना कुमारी, लता झा, नमन कुमार, अर्पणा वर्मा, नीलू कुमारी और नेहा कुमारी सहित बड़ी संख्या में संस्था के समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन