विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : खेमका

Published by : AKHILESH CHANDRA Updated At : 21 May 2026 5:52 PM

विज्ञापन

विधायक विजय खेमका ने कहा

विज्ञापन

पूर्णिया. विधायक विजय खेमका ने कहा है कि विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के लिए विद्यालय परिवार, शिक्षक, प्रबंध समिति एवं अभिभावकों का सामूहिक प्रयास जरुरी है. जब सभी लोग रचनात्मक सोच के साथ काम करेंगे तो स्वाभाविक रुप से बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनेगा. श्री खेमका ने कहा कि सामूहिक प्रयास से छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बढ़ेगी तथा विद्यालय का परीक्षा परिणाम भी उत्कृष्ट होगा. विधायक श्री खेमका गुरुवार को पूर्व प्रखंड अन्तर्गत भटगामा स्थित केजीपी प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे. विधायक श्री खेमका ने प्रधानाचार्य शिवकुमार महतों को विद्यालय परिसर व शौचालयों की नियमित सफाई के साथ पेयजल, बिजली पंखा आदि को व्यवस्थित रखने और छात्रों की उपस्थिति शत-प्रतिशत करने का निर्देश दिया. उन्होंने विद्यालय में खेल, चित्रकला, संगीत एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को विशेष रूप से संचालित करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे छात्र-छात्राओं की विभिन्न विधाओं में अभिरुचि बढ़ेगी और उनका ज्ञानवर्धन होगा. इस दौरान विधायक ने संचालित कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया तथा विद्यालय विकास से संबंधित प्राप्त सुझाव के निर्माण की स्वीकृति प्रबंध समिति में दी. इस बैठक में प्रबंध समिति के सदस्य एवं अभिभावकों के साथ विद्यालय के सर्वांगीण विकास, शैक्षणिक वातावरण एवं छात्र हित से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई. विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षा प्रेमी मंगल पोद्दार ने विद्यालय विकास से संबंधित कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे. सदस्यों ने छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा पठन पाठन पर विशेष बल देने का सुझाव दिया. विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से विधायक एवं विद्यालय परिवार द्वारा संयुक्त रूप से वृक्षारोपण भी किया गया। क्षेत्र भ्रमण के क्रम में विधायक ने भोगा भटगामा स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया तथा सेंटर तक जाने के रास्ते पर मिट्टी कार्य करने का निर्देश दिया. समिति की बैठक में मंगल पोद्दार मनोज गोस्वामी सरिता टुडू बिमल पोद्दार मनीष साह सहित अभिभावकगण उपस्थित थे.

विज्ञापन
AKHILESH CHANDRA

लेखक के बारे में

By AKHILESH CHANDRA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन