पोषण पखवाड़ा के सफल आयोजन को ले चलाया जाएगा जागरुकता अभियान
Published by : AKHILESH CHANDRA Updated At : 10 Apr 2026 6:07 PM
पूर्णिया
पूर्णिया. जिले में पोषण पखवाड़ा के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक स्तर पर न केवल रणनीति बनायी गई है बल्कि जागरुकता अभियान चलाए जाने का निर्णय भी लिया गया है. यह पखवाड़ा 9 अप्रैल से शुरू होकर आगामी 23 अप्रैल तक चलेगा. इसमें कई संस्थाएं भी सहयोग करेंगी. आइसीडीएस के जिला प्रोग्राम पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक सह वर्चुअल उद्घाटन समारोह में इस बाबत कई अहम निर्णय लिए गये. इस मौके पर मौजूद सभी प्रतिभागियों ने पोषण पखवाड़ा के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए समन्वित रणनीति पर विस्तृत चर्चा की. बैठक में कहा गया कि पोषण पखवाड़ा 2026 का मुख्य उद्देश्य जीवन के प्रथम छह वर्षों में बच्चों के मस्तिष्क के समुचित एवं सर्वोच्च विकास को सुनिश्चित करना है. इस दिशा में संतुलित पोषण, समुचित देखभाल, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं प्रारंभिक बाल उद्दीपन को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है. यह निर्णय लिया गया कि पखवाड़ा अवधि में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, इसमें घर-घर संपर्क, पोषण जागरूकता रैली, गर्भवती एवं धात्री माताओं के लिए विशेष परामर्श सत्र, आंगनबाड़ी केंद्रों पर थीम आधारित गतिविधियां एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसके साथ ही, बैठक में विभिन्न विभागों एवं विकास सहयोगी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया. पूर्णिया जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों, संस्थाओं एवं नागरिकों से अपील की गई कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि कुपोषण मुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जा सकें.बैठक में सभी परियोजना पदाधिकारी के साथ-साथ यूनिसेफ, पीरामल सी-एफएआर, पीएसआई, करुणा सेक्शन क्लिनिक, विक्रमशिला, एजुकेशन रिसोर्स सोसाइटी, फीया फाउंडेशन, रिलायंस फाउंडेशन सहित एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन, बचपन बचाओ आंदोलन के प्रतिनिधियों की भी सक्रिय एवं महत्वपूर्ण भागीदारी रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










