पटना: अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर परिषद की टीम से भिड़े दुकानदार, तीन गिरफ्तार
अतिक्रमण हटाने पहुची विधि व्यवस्था कार्यपालक पदाधिकारी
पटना में लाल चौक पर अतिक्रमण हटाने गई नगर परिषद की टीम से दुकानदार के भिड़ने की खबर है. मारपीट में 3 लोगों की गिरफ्तारी हुई है.
Encroachment in Patna : खगौल लाल चौक पर मंगलवार को अतिक्रमण हटाने गयी नगर परिषद की टीम के साथ दुकानदार और उसके परिजनों के कथित तौर पर भिड़ने से अफरा-तफरी मच गयी. आरोप है कि वैष्णवी किराना स्टोर के संचालक और उसके परिजनों ने जुर्माना देने से इनकार करते हुए टीम के साथ नोकझोंक की और मारपीट पर उतारू हो गये. हंगामा बढ़ने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. पुलिस ने एक पुरुष और दो महिलाओं को गिरफ्तार कर खगौल थाना लाया. मामले में विधि व्यवस्था कार्यपालक पदाधिकारी मीनाक्षी कुमारी की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, टीम के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है.
अतिक्रमण हटाने के दौरान शुरू हुआ विवाद
विधि व्यवस्था कार्यपालक पदाधिकारी मीनाक्षी कुमारी ने बताया कि मंगलवार को जय राम बाजार स्थित लाल चौक पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा था. अभियान के दौरान किराना और मसाला दुकान के सामने सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण किये जाने की बात सामने आयी.
उनके अनुसार, दुकानदार को सड़क से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया और एक हजार रुपये जुर्माने की रसीद दी गयी. आरोप है कि जुर्माना देने से इनकार करते हुए दुकानदार और उसके परिवार के सदस्य टीम के साथ बहस करने लगे. इसके बाद गाली-गलौज करते हुए टीम के साथ मारपीट की कोशिश और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया.
पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार
विवाद बढ़ने के बाद मौके पर मौजूद पुलिस बल ने कार्रवाई करते हुए कृष्ण कुमार उर्फ छोटू, वैष्णवी कुमारी और हिना देवी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मामले में नामजद एक अन्य महिला फरार बतायी जा रही है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है.
यातायात व्यवस्था के लिए चल रहा अभियान
मीनाक्षी कुमारी ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और सार्वजनिक स्थलों तथा चौक-चौराहों से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान सरकारी काम में बाधा डालने या विरोध करने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
पर्व के कारण भीड़ को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि कर्माधर्मा पूजा को लेकर लाल चौक और आसपास के बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ थी. ऐसे समय में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से लोगों में नाराजगी रही. लोगों का कहना है कि पर्व के दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी अभियान चलाया जा सकता था.
फरार महिला की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई
खगौल थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि दंडाधिकारी मीनाक्षी कुमारी की ओर से लाल चौक स्थित किराना दुकान के लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, टीम के साथ गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने की लिखित शिकायत दी गयी है. इस मामले में तीन लोगों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. फरार महिला की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है.
अभियान में सफाई निरीक्षक मुकेश मंडल, टैक्स कर्मी रवि रंजन समेत नगर परिषद के कर्मी और पुलिस बल मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए