पटना में प्रिंसिपल मैडम की दबंगई के खिलाफ भड़के बच्चे, पिटाई के विरोध में स्कूल में की तोड़फोड़
Published by : ThakurShaktilochan Sandilya Updated At : 20 Jul 2024 8:11 AM
पटना के स्कूल में बच्चों का बवाल
पटना के एक स्कूल में प्रिंसिपल ने क्लास बंद करके छात्रों को जमकर पीटा. जिसका विरोध करते हुए छात्रों ने स्कूल में जमकर बवाल काटा.
पटना में दीघा थाना क्षेत्र के पोल्सन रोड स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल ने क्लास बंद कर कई छात्रों की जमकर पिटाई कर दी. इस घटना के बाद आक्रोशित बच्चों ने कैंपस में लगे स्कूल वैन का शीशा तोड़ दिया. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बच्चों के परिजन पहुंच गये और फिर घंटों बवाल हुआ. मारपीट के कारण कई बच्चों को चोट आयी है. हंगामा कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल मैडम ने फीस नहीं जमा करने की बात कह छात्रों के साथ मारपीट की. इसके बाद नौवीं और दसवीं के छात्र बाहर निकल गये.
हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस
छात्रों ने हंगामा किया और तोड़फोड़ की. घटना की सूचना मिलने के बाद दीघा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गयी और सभी को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया. मामले में स्कूल पक्ष से बात करने की कोशिश की गयी, लेकिन उन लोगों ने अपना पक्ष नहीं रखा. दीघा थानेदार ने कहा कि छात्रों ने हंगामा किया था. हालांकि, किसी भी पक्ष से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है.
छात्रों का आरोप, पहले खुद शीशा पर हाथ मार घायल हुईं और फिर की पिटाई
सिक्स बी के कुछ छात्रों ने कहा कि प्रिंसिपल मैडम पहले नौवीं और दसवीं कक्षा में गयीं. फीस जमा नहीं करने की बात कह कर बच्चों को पीटने लगीं. मैडम गुस्से में थीं और उन्होंने गुस्से में खिड़की के शीशे पर हाथ मार दिया, जिससे वे घायल भी हो गयीं. बच्चों ने कहा कि जब मैडम छठी और सातवीं कक्षा में गयीं और बच्चों की पिटाई की, तब कुछ बच्चे बाहर निकल गये और उन्होंने हंगामा किया. बच्चों ने कहा कि पिटाई से कुछ छात्रों के हाथ और शरीर के अन्य हिस्से पर जख्म भी आ गये.
ALSO READ: बिहार पुलिस में 1 लाख से अधिक खाली पदों पर होगी बहाली, अपराध रोकने सीएम नीतीश ने दिए कई सख्त निर्देश
परिजनों का आरोप… प्रिंसिपल मैडम करती हैं बदतमीजी, टीसी भी नहीं दी
परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब हमलोग बच्चों को लेने आते हैं, तो कैंपस के अंदर भी आने नहीं देती हैं. कुछ पूछने पर प्रिंसिपल बदतमीजी करने लगती हैं. यही नहीं गाली भी देने का आरोप लगाया गया. वहीं, कुछ परिजनों का आरोप था कि जब हमलोग अपने बच्चे का टीसी मांगने आते हैं, तो भगा दिया जाता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ThakurShaktilochan Sandilya
डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










