छात्रा व रैपिडो चालक को गोली मारने वाले बदमाश 48 घंटे बाद भी फरार, SDPO बोले-जल्द होगी गिरफ्तारी
जांच करती पुलिस का फाइल फाेटो
पटना के आरपीएस मोड़ पर दसवीं की छात्रा और रैपिडो चालक को गोली मारने की घटना के 48 घंटे बाद भी पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई है. प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है, जिसमें पूर्व प्रेमी पर शक है.
Danapur minor girl Firing : दानापुर के आरपीएस मोड़ के पास सरेशाम दसवीं की छात्रा और रैपिडो चालक को गोली मारने की घटना के 48 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ बदमाशों का ठोस सुराग नहीं लगा है. बाइक सवार दो बदमाशों ने रविवार शाम छात्रा का पीछा करते हुए पहले रैपिडो चालक और फिर छात्रा को गोली मारकर जख्मी कर दिया था. पुलिस मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
आपके शहर में
पीछा कर रहे थे बाइक सवार बदमाश
पुलिस के अनुसार, एसकेपुरम रोड नंबर-17 निवासी पुलिस अधिकारी की बेटी रविवार शाम रैपिडो से अपने घर जा रही थी. आरपीएस मोड़ के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसका पीछा करते हुए गोली चला दी. छात्रा के झुक जाने से गोली रैपिडो चालक राहुल कुमार के कमर में जा लगी. गोली लगते ही राहुल वाहन लेकर गिर गया.
पिता ने दो पर करायी प्राथमिकी
जख्मी छात्रा के पिता के बयान पर दो बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है.दसवीं वर्ग में जख्मी छात्रा पढती है. थाने के एसकेपूरम रोड निवासी पुलिस अधिकारी की पुत्री है. घायल छात्रा.
टेलर की दुकान से खींचकर मारी गोली
जान बचाने के लिए छात्रा पास की एक टेलर दुकान में घुस गयी और टेलर मास्टर के पीछे छिपकर मदद की गुहार लगायी. आरोप है कि दोनों बदमाश पीछा करते हुए दुकान में घुस गये और टेलर को धमकाकर छात्रा को बाहर निकालने के लिए कहा. एक बदमाश ने छात्रा को खींचने का प्रयास किया. इसी दौरान वह जमीन पर गिर गयी, जिसके बाद दूसरे बदमाश ने उस पर गोली चला दी. गोली छात्रा के दाहिने कंधे में लगी.
फायरिंग करते हुए फरार हुए बदमाश
वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक पर सवार होकर पिस्टल लहराते और फायरिंग करते हुए आरपीएस मोड़ की ओर फरार हो गये. छात्रा ने टेलर के मोबाइल से परिजनों को घटना की जानकारी दी. बाद में उसे राजा बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं घायल रैपिडो चालक राहुल का एम्स में इलाज चल रहा है.
प्रेम प्रसंग में पूर्व प्रेमी पर शक
एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है. आशंका है कि छात्रा के पूर्व प्रेमी ने घटना को अंजाम दिया है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किये हैं. सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए