पटना में महिला पुलिस टीम का एक्शन, 3 जगहों पर छापेमारी की, 1.40 लाख की शराब बरामद, कार जब्त
बरामद शराब और महिला पुलिस टीम
पटना में मद्य निषेध की महिला टीम ने शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की है. 3 जगहों पर छापेमारी में 1.40 लाख रुपये की शराब जब्त और 3 तस्कर गिरफ्तार हुए.
Women Prohibition Team Patna : पटना में मद्य निषेध विभाग की महिला टीम इन दिनों शराब तस्करों के खिलाफ एक्शन मोड में है. टीम ने पटनासिटी रेलवे स्टेशन, दीघा के रामजीचक और पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के मलाही पकड़ी में छापेमारी कर करीब 1.40 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद की. इस दौरान तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया. टीम ने शराब ढोने में इस्तेमाल एक कार भी जब्त की है. खास बात यह रही कि कार्रवाई करने वाली टीम में पदाधिकारी से लेकर जवान तक सभी महिलाएं शामिल थीं.
पटनासिटी में खटाल के पास मिली 26.7 लीटर शराब
गुप्त सूचना के आधार पर महिला टीम ने पटनासिटी रेलवे स्टेशन के पास एक खटाल के बगल में छापेमारी की. यहां से 26.7 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गयी. पुलिस ने मौके से पटनासिटी निवासी पप्पू यादव को गिरफ्तार किया. बरामद शराब की कीमत करीब 35 हजार रुपये बतायी गयी है.
कार से 60.48 लीटर शराब बरामद
इसके बाद टीम ने दीघा थाना क्षेत्र के रामजीचक में छापेमारी की. यहां एक आई-10 कार से 60.48 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गयी. टीम ने शराब बरामद करने के साथ कार को जब्त कर लिया. मौके से मनेर निवासी शराब तस्कर सुमित कुमार को गिरफ्तार किया गया. बरामद शराब की कीमत करीब 75 हजार रुपये बतायी गयी है.
मलाही पकड़ी से 22.32 लीटर शराब जब्त
पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के मलाही पकड़ी में भी महिला टीम ने छापेमारी की. यहां से 22.32 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गयी. इस मामले में मलाही पकड़ी निवासी शराब तस्कर आकाश कुमार को गिरफ्तार किया गया. बरामद शराब की कीमत करीब 30 हजार रुपये बतायी गयी है.
प्रशिक्षु अधीक्षक के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
तीनों स्थानों पर की गयी छापेमारी का नेतृत्व मद्य निषेध विभाग की प्रशिक्षु अधीक्षक शैवी दूबे ने किया. टीम में सब इंस्पेक्टर सोनम कुमारी, निशा कुमारी, दीपाली कुमारी और नीलू कुमारी, एएसआई नेहा कुमारी, अस्मिता कुमारी, चंचल कुमारी, विदुता कुमारी, उपमा कुमारी और संगीता कुमारी शामिल थीं. इसके अलावा सिपाही अनुराधा, खुशबू, चंदा, राजंती और बेबी कुमारी भी टीम में शामिल थीं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए