पटना यूनिवर्सिटी में सीनेट बैठक के दौरान छात्रों का हंगामा, AISA के बैनर तले 3 घंटे तक प्रदर्शन

Published by : Nikhil Anurag Updated At : 23 May 2026 3:24 PM

विज्ञापन

हंगामा करते AISA संगठन के छात्र

पटना यूनिवर्सिटी में सीनेट बैठक के दौरान ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएसन के बैनर तले छात्रों ने फीस वृद्धि, छात्र हितों के लिए बजट और पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया. पुलिस ने गेट बंद किया, छात्रों ने ताला तोड़कर धरना दिया. बाद में प्रशासन के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त हुआ.

विज्ञापन

Patna University News: पटना यूनिवर्सिटी में शनिवार को सीनेट की बैठक के दौरान जमकर हंगामा हुआ. ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएसन (AISA) के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. करीब तीन घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कैंपस में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने छात्रों को कैंपस से बाहर निकालकर मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया. इसके बाद छात्र-छात्राएं गेट पर चढ़ गए और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी. प्रदर्शनकारियों ने ‘पुलिसिया दमन बंद करो’ और ‘PU हमारे-आपका, नहीं किसी के बाप का’ जैसे नारे लगाए.

छात्रों ने गेट का ताला तोड़ा

स्थिति उस समय और गरमा गई जब छात्रों ने गेट का ताला तोड़ दिया और दोबारा कैंपस में प्रवेश कर गए. इसके बाद प्रदर्शनकारी जय प्रकाश नारायण हॉल पहुंचे, जहां सीनेट की बैठक चल रही थी. हालांकि, सभागार के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी और छात्रों को अंदर जाने से रोक दिया गया. गेट पर ही धरने पर बैठे छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल का ऐलान कर दिया. प्रदर्शनकारी लगातार यूनिवर्सिटी प्रशासन और कुलपति के खिलाफ नारेबाजी करते रहे.

फीस वृद्धि और पुलिस कार्रवाई बना बड़ा मुद्दा

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि छात्र अपनी समस्याओं को लेकर कुलपति से मिलने पहुंचे थे, लेकिन प्रशासन ने बातचीत करने के बजाय पुलिस बुलाकर गेट बंद करवा दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी में लगातार फीस वृद्धि की जा रही है, जबकि छात्रों की मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी हो रही है. छात्रों की मांग है कि सीनेट के बजट में छात्र हितों के लिए अलग से राशि आवंटित की जाए और फीस बढ़ोतरी पर तत्काल रोक लगाई जाए.

छात्रों ने पटना विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस की मौजूदगी पर भी सवाल उठाया. उन लोगों ने आरोप लगाया कि देर रात पुलिस कैंपस में घुसकर छात्रों के साथ मारपीट करती है और डराने-धमकाने का काम करती है.

आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना

काफी देर तक चले हंगामे और धरने के बाद सीनेट बैठक समाप्त होने पर यूनिवर्सिटी के प्रॉक्टर और डीन छात्रों के बीच पहुंचे. अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उनकी मांगों को सुना और जल्द समाधान का आश्वासन दिया. इसके बाद प्रशासन की ओर से धरने पर बैठे छात्रों को लस्सी पिलाकर प्रदर्शन समाप्त कराया गया.

ALSO READ: बिहार बोर्ड आज जारी करेगा इंटरमीडिएट कंपार्टमेंटल और विशेष परीक्षा का रिजल्ट, छात्र यहां देख सकेंगे अपना परिणाम

विज्ञापन
Nikhil Anurag

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन