ePaper

Patna: बिना नंबर प्लेट की काली थार और विदेशी हथियारों का जखीरा! पुलिस ने बड़ी साजिश का ऐसे किया खुलासा

Updated at : 08 May 2025 7:42 AM (IST)
विज्ञापन
Patna

Patna

Patna: पटना के विक्रम थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया. देर रात छापेमारी में बिना नंबर की थार गाड़ी से दो अमेरिकी पिस्टल, कारतूस और मोबाइल बरामद हुए. अपराधी भाग निकले, गाड़ी पलटने से एक व्यक्ति घायल हुआ.

विज्ञापन

Patna: पटना जिला के विक्रम थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली, जब अपराधियों की संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक काली रंग की थार गाड़ी से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए. वाहन में दो अमेरिकी पिस्टल, दस जिंदा कारतूस, दो मैगजीन और दो मोबाइल फोन बरामद हुए. वहीं, अपराधी मौके से फरार हो गए.

झोपड़ी से टकराई थार, ग्रामीण गंभीर रूप से घायल

विक्रम थाना अंतर्गत नारायणपुर कहारी टोला के पास पुलिस की टीम जैसे ही पहुंची, थार में सवार बदमाश भागने लगे. इसी भागदौड़ में उनकी गाड़ी एक झोपड़ी से टकरा गई. उस समय झोपड़ी में एक ग्रामीण सोया हुआ था, जो टक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. टक्कर के बाद थार गाड़ी पलट गई, और उसी का फायदा उठाकर अपराधी अंधेरे में फरार हो गए.

गाड़ी से बरामद हुए हथियार और मोबाइल, थार पर नंबर प्लेट नहीं

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि थार गाड़ी पर नंबर प्लेट ही नहीं था. तलाशी में दो लोडेड अमेरिकी पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस, दो मैगजीन, एक एप्पल और एक वीवो कंपनी का मोबाइल मिला. पुलिस ने पलटी हुई थार को जब्त कर लिया है और उसे थाने लाकर जांच शुरू कर दी है.

डीएसपी बोले: बड़ी वारदात की थी तैयारी, छापेमारी से टली साजिश

पालीगंज डीएसपी-2 उमेश्वर कुमार चौधरी ने जानकारी दी कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना में लगे हैं. इसी आधार पर विक्रम थाना अध्यक्ष की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की गई और छापेमारी की गई. मौके पर पहुंचने से पहले ही अपराधी सतर्क हो गए और भागने लगे.

अपराधियों की तलाश जारी, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज

पुलिस अब फरार अपराधियों की पहचान और थार के मालिक की शिनाख्त में जुट गई है. थार गाड़ी को आपराधिक घटनाओं में इस्तेमाल किए जाने की आशंका के आधार पर मालिक के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मोबाइल ट्रैकिंग के जरिए सुराग तलाश रही है.

Also Read: कपड़ों के बीच छिपाकर लाती थीं प्रीमियम शराब, महिलाओं की तस्करी का ऐसे खुला राज

चुनावी मौसम में बिहार पुलिस अलर्ट मोड में

बिहार में लोकसभा चुनाव को देखते हुए मुख्यालय ने सभी जिलों को सघन चेकिंग और निगरानी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं. इस कार्रवाई को भी उसी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है. पटना पुलिस का कहना है कि किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा और अपराधियों को जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा.

विज्ञापन
Anshuman Parashar

लेखक के बारे में

By Anshuman Parashar

अंशुमान पराशर पिछले दो वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के लिए बिजनेस की लेटेस्ट खबरों पर काम कर रहे हैं. इसे पहले बिहार की राजनीति, अपराध पर भी इन्होंने खबरें लिखी हैं. बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में इन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और विस्तृत राजनीतिक कवरेज किया है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन