ePaper

Patna News: बांसघाट से सीधे जेपी गंगा पथ तक सफर आसान, 600 मीटर फोरलेन सड़क बनेगी

Updated at : 10 Sep 2025 7:34 AM (IST)
विज्ञापन
बांसघाट से सीधे जेपी गंगा पथ तक सफर होगा आसान

बांसघाट से सीधे जेपी गंगा पथ तक सफर होगा आसान

Patna News: पटना की सड़कों पर जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए खुशखबरी है. अब बांसघाट के पास से सीधे जेपी गंगा पथ तक कनेक्टिविटी मिलने वाली है. 600 मीटर लंबी फोरलेन सड़क बनने के बाद बेली रोड से लेकर गंगा किनारे तक सफर आसान और तेज हो जाएगा.

विज्ञापन

Patna News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 24 अगस्त 2025 को बांसघाट कनेक्टिविटी सड़क का शिलान्यास किया था. इस परियोजना के तहत बांसघाट से जेपी गंगा पथ तक 600 मीटर लंबी और फोरलेन सड़क का निर्माण होगा. 52.28 करोड़ की लागत से बनने वाली यह सड़क फरवरी 2027 तक तैयार हो जाएगी.

निर्माण एजेंसी ने ऐसा डिजाइन तैयार किया है, जिससे लोग यूटर्न लेकर आसानी से जेपी गंगा पथ पर जा और आ सकेंगे.

बांसघाट से होगा नया यूटर्न

नये डिजाइन के मुताबिक, बांसघाट के पास बायें फ्लैंक से वाहन यूटर्न लेकर दायें फ्लैंक में आकर जेपी गंगा पथ की ओर जाएंगे. इसी तरह, जेपी गंगा पथ की ओर से लौटने वाले वाहन बांसघाट से थोड़ी दूरी आगे जाकर दायें फ्लैंक से होते हुए मंदिरी नाले पर बन रही सड़क से जुड़ जाएंगे. सड़क निर्माण एजेंसी ने इसे इस तरह डिजाइन किया है कि यातायात सुगम हो और जाम की समस्या न हो.

90 मीटर का पुल बनेगा गंगा चैनल पर

सड़क निर्माण का काम अगले महीने से शुरू होने वाला है. फिलहाल गंगा का जलस्तर ऊंचा है, लेकिन पानी घटते ही काम शुरू कर दिया जाएगा. परियोजना के तहत जल संसाधन विभाग द्वारा बनाए गए गंगा चैनल में पाया डालकर 90 मीटर लंबा पुल तैयार किया जाएगा. यह पुल एलसीटी घाट की तरह ही बांसघाट से जेपी गंगा पथ को जोड़ेगा.

बेली रोड से गंगा पथ तक आसान सफर

इस सड़क के बन जाने के बाद बेली रोड से जेपी गंगा पथ तक पहुंचना आसान हो जाएगा. लोग आयकर गोलंबर से होते हुए मंदिरी नाले की नई सड़क पकड़कर सीधे बांसघाट और वहां से जेपी गंगा पथ तक पहुंच सकेंगे. इसके अलावा, पीएमसीएच, गायघाट, कंगन घाट और दीदारगंज जैसे इलाकों तक भी पहुंचने में सुविधा होगी.

मंदिरी नाले पर सड़क निर्माण अंतिम चरण में

आयकर गोलंबर से बांसघाट तक बन रही सड़क का काम अब अंतिम चरण में है. मंगलवार को आयकर गोलंबर के पास ढलाई का काम पूरा किया गया. इस सड़क के तैयार होने पर लोग सीधे गांधी मैदान और जेपी गंगा पथ तक आसानी से पहुंच पाएंगे.

यह सड़क कुल 1289 मीटर लंबी है और 86.98 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही है. खास बात यह है कि सड़क को नाले के ऊपर बनाया जा रहा है. इसके नीचे ट्विन बैरल आरसीसी बॉक्स ड्रेन की व्यवस्था होगी, ताकि नाले की सफाई बिना सड़क को नुकसान पहुंचाए आसानी से हो सके. साथ ही, सड़क पर सर्विस ड्रेन और डिवाइडर का काम भी लगभग पूरा कर लिया गया है.

2027 तक पूरी होगी परियोजना

बांसघाट से जेपी गंगा पथ को जोड़ने वाली यह सड़क 52.28 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगी. फरवरी 2027 तक इसके पूरा होने का लक्ष्य है. निर्माण कार्य का जिम्मा बिहार राज्य पथ विकास निगम के अधीन मेसर्स वंशीधर कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया है.

Also Read: Patna Metro: पटना मेट्रो सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक सेवा, 20 मिनट में पूरा होगा एक फेरा

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन