पटना: आईजी जितेंद्र राणा ने किया फतुहा-2 एसडीपीओ कार्यालय का निरीक्षण, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

कार्यालय का निरीक्षण करते फतुहा-2 एसडीपीओ
पटना प्रक्षेत्र के आईजी जितेंद्र राणा ने फतुहा-2 एसडीपीओ कार्यालय का निरीक्षण किया. उन्होंने लंबित कांडों की समीक्षा की और शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए.
Patna Police Inspection: पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) जितेंद्र राणा ने शुक्रवार को फतुहा-2 एसडीपीओ कार्यालय, दनियावां का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अनुमंडल के अंतर्गत आने वाले खुशरूपुर, दनियावां और शाहजहांपुर थाना क्षेत्रों के लंबित कांडों एवं विभिन्न मामलों की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने संबंधित थानाध्यक्षों को सभी लंबित मामलों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
लंबित मामलों की हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक के दौरान आईजी ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज लंबित कांडों, वारंट निष्पादन और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों के निपटारे में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
एसडीपीओ की कार्यशैली की सराहना
आईजी जितेंद्र राणा ने फतुहा-2 के एसडीपीओ संजीव कुमार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रभावी नेतृत्व और नियमित मॉनिटरिंग के कारण अनुमंडल के तीनों थाना क्षेत्रों में लंबित मामलों की संख्या काफी कम है. उन्होंने कहा कि समय-समय पर समीक्षा और निगरानी से पुलिस कार्यों में पारदर्शिता और तेजी आई है, जो सराहनीय है.
अपराध नियंत्रण पर दिया जोर
आईजी ने पुलिस पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, वारंट तामिला और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आम लोगों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाया जाए.
कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान पटना ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुंदन कुमार, फतुहा-2 के एसडीपीओ संजीव कुमार, खुशरूपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार, दनियावां थानाध्यक्ष खुशबू खातून, शाहजहांपुर थानाध्यक्ष बमबम कुमार, फतुहा थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










