बिहटा में शराब की खेप ले जा रहे बाइक सवार किशोर की मौत, परिजनों ने पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप
Published by : Nikhil Anurag Updated At : 09 Jun 2026 6:20 PM
मृतक की फाइल फोटो साथ में जानकारी देती पुलिस
Patna Accident News: पटना जिले के बिहटा स्थित आईआईटी अमहारा थाना क्षेत्र के मीठापुर नहर पुल के पास मंगलवार को शराब की खेप लेकर जा रहे दो बाइक सवारों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में 17 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस और परिजनों के दावों में बड़ा विरोधाभास सामने आया है.
Patna Accident News: (मोनु कुमार मिश्रा की रिपोर्ट) पटना जिले के बिहटा स्थित आईआईटी अमहारा थाना क्षेत्र के मीठापुर नहर पुल के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक किशोर की मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव की स्थिति बनी हुई है. घटना को लेकर पुलिस प्रशासन और मृतक के परिजनों व स्थानीय ग्रामीणों के दावों में जमीन-आसमान का अंतर सामने आया है. पुलिस जहां इसे वाहन जांच से बचने के लिए तेज रफ्तार में भागने के दौरान पेड़ से हुई टक्कर बता रही है, वहीं ग्रामीण पुलिस पर ही गाड़ी से धक्का मारने का गंभीर आरोप लगा रहे हैं.
घटनास्थल से 40 लीटर देसी शराब बरामद
दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम घायल किशोर को उठाकर नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान बेरर बराह निवासी देवेंद्र यादव के 17 वर्षीय पुत्र हरेराम कुमार के रूप में हुई है. पुलिस को मिले आधिकारिक पहचान पत्रों के अनुसार उसका जन्म वर्ष 2009 है. वहीं, मौके से फरार हुए उसके साथी की पहचान नौबतपुर थाना क्षेत्र के तिलकपुरा (रामबाद) निवासी मुकेश कुमार के रूप में की गई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
पुलिस ने घटनास्थल का सघन मुआयना करने के बाद वहां से भारी मात्रा में देसी शराब की खेप, एक क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन और दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस का दावा है कि दोनों युवक अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त थे और पकड़े जाने के डर से भाग रहे थे.
परिजनों का आरोप- पुलिस वाहन ने पीछे से मारी टक्कर, सिटी एसपी ने बुलाई फोरेंसिक टीम
इस संवेदनशील घटना की जानकारी मिलते ही पटना के पश्चिमी सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह खुद दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की गहनता से समीक्षा की. घटना के बाद कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए और दावों की सत्यता जांचने के लिए राज्य फोरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) की टीम को भी विशेष रूप से मौके पर बुलाया गया. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से बाइक के निशान, पेड़ की छाल और अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए हैं.
दूसरी ओर, मृतक के रोते-बिलखते परिजनों और उग्र ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि पुलिस की गाड़ी ने पीछा करने के दौरान जानबूझकर बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मारी, जिसके कारण बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और किशोर की जान चली गई. सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि शुरुआती जांच में बाइक के पेड़ से टकराने की बात सामने आई है. पुलिस मौके से मिली करीब 40 लीटर देसी शराब के मामले में और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल के लिए सीसीटीवी और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
Also Read: पटना के इस ऐतिहासिक मंदिर का होगा कायाकल्प, एसडीओ ने अतिक्रमणकारियों को दिया 4 दिन का अल्टीमेटम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










