Weather Update: पटना समेत पूरे बिहार में मानसूनी बारिश का डबल अटैक, गरज-चमक के साथ 40 KMPH की रफ्तार से चलेगी हवा, 38 जिलों के लिए IMD का अलर्ट
सांकेतिक तस्वीर
बिहार के 19 जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. तेज हवाओं, बारिश और वज्रपात की चेतावनी के बीच लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. राज्य के बाकी जिलों में येलो अलर्ट है.
Patna Weather Update : पटना. सावन की तीसरी सोमवार को राजधानी पटना में सुबह से ही धूप और बादलों की आवाजाही जारी रही. मौसम विभाग ने सोमवार यानी 17 अगस्त को पटना समेत बिहार के सभी 38 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. राज्य के 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और बाकी 19 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है. इस दौरान कुछ इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जतायी गयी है.
पटना में सोमवार को आसमान सामान्य तौर पर बादलों से घिरा रह सकता है. दिन में एक-दो दौर में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. बारिश और बादलों के बीच तापमान में कुछ गिरावट आने की उम्मीद है, हालांकि उमस का असर बना रह सकता है.

पटना समेत 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने पटना, बक्सर, भोजपुर, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
इन जिलों में मौसम ज्यादा खराब होने की आशंका जतायी गयी है. गरज के साथ बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग ने खासकर ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित जगह पर रहने की सलाह दी गयी है.
इन जिलों में येलो अलर्ट
राज्य के बाकी 19 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार शामिल हैं.
इन इलाकों में भी बादलों की आवाजाही के साथ गरज-चमक और बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार, अलग-अलग हिस्सों में मौसम का असर अलग-अलग रह सकता है. कुछ स्थानों पर तेज बारिश तो कहीं हल्की या छिटपुट वर्षा देखने को मिल सकती है.
चार जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को भभुआ, गया, जमुई और नवादा जिले में भारी बारिश को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गयी है. इन इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है.

प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व समेत कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. तेज हवा के साथ गरज-चमक और बारिश का असर कई जिलों में देखने को मिल सकता है.
पटना में रविवार को गर्मी और उमस ने किया परेशान
इससे पहले रविवार को पटना में दिनभर धूप रहने के कारण लोग गर्मी और उमस से परेशान रहे. बारिश नहीं होने की वजह से दिन के समय तापमान बढ़ा रहा और वातावरण में उमस बनी रही. अब सोमवार को बादल और बारिश की संभावना के कारण राजधानी के लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

बीते दिन पटना का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. उपलब्ध आंकड़ों में 37.3 डिग्री सेल्सियस का तापमान भी दर्ज होने की जानकारी दी गयी है. सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
मानसून ट्रफ और कम दबाव के क्षेत्र का असर
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ अमृतसर, लुधियाना, लखनऊ और वाराणसी होते हुए उत्तरी ओडिशा तट के पास बने कम दबाव के क्षेत्र से होकर पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है. इसके प्रभाव से बिहार के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है.
बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण भी ऊंचाई तक फैला है. इसके उत्तर और पश्चिम की ओर आगे बढ़ने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इसी सिस्टम के प्रभाव से आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं.
मधुबनी में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार के अलग-अलग हिस्सों में बारिश दर्ज की गयी. मधुबनी में 12.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी, जो सबसे अधिक रही. पश्चिम चंपारण के सिकटा में भी 12.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई.
इसके अलावा पूर्णिया में 2.0 मिलीमीटर और सीवान के महाराजगंज में 1.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गयी. भोजपुर और वैशाली में करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी दर्ज की गयी.
18 अगस्त को भी डबल अलर्ट
मौसम विभाग ने 18 अगस्त को भी बिहार के सभी जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है. शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में येलो अलर्ट रहेगा, जबकि बाकी जिलों में ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी दी गयी है.
इसके बाद 19 अगस्त को पूरे बिहार में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान बक्सर, गोपालगंज, सीवान, पश्चिम चंपारण समेत कई इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है. लगातार बारिश होने पर तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी-उमस से राहत मिल सकती है.
Also Read : पटना: मनेर में BTech छात्र के घर से मिला 17 जिंदा कारतूस-मैगजीन, 21 वर्षीय युवक गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रागिनी शर्मा
वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.
पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.
इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









