15 दिन से लापता नाबालिग छात्रा का सुराग नहीं, मनेर में सड़क पर उतरे ग्रामीण; दो घंटे तक एनएच जाम
हंगामा करते लोग
पटना से 15 दिन पहले लापता हुई नाबालिग छात्रा की बरामदगी की मांग को लेकर मनेर के खासपुर में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. पुलिस ने जल्द बरामदगी का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया.
Minor girl missing : पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र से लापता नाबालिग छात्रा की बरामदगी को लेकर सोमवार को मनेर के खासपुर में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. परिजनों और ग्रामीणों ने मनेर-दानापुर पुरानी एनएच-30 (स्टेट हाइवे) को जाम कर दिया. करीब दो घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा. सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा की जल्द बरामदगी का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ.
आपके शहर में
15 दिन पहले बुआ के घर गयी थी छात्रा, फिर हो गयी लापता
बताया जाता है कि खासपुर की रहने वाली नाबालिग छात्रा करीब 15 दिन पहले पटना के जक्कनपुर इलाके में अपनी बुआ के घर गयी थी. इसी दौरान वह वहां से लापता हो गयी. काफी खोजबीन के बाद भी छात्रा का पता नहीं चलने पर परिजनों ने पटना के अनीसाबाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी.
गांव के युवक पर जताया गया था शक
परिजनों ने छात्रा के लापता होने के मामले में खासपुर गांव के ही एक युवक पर आशंका जतायी थी. इसके बाद पुलिस ने युवक के घर छापेमारी की और उसके भाई को अपने साथ ले गयी. पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी युवक थाने पहुंचा, जहां उससे पूछताछ की गयी. हालांकि, छात्रा के संबंध में पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला. इसके बाद युवक को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया.
धमकी मिलने के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण
परिजनों का आरोप है कि युवक से पूछताछ के बाद परिवार को धमकी दी गयी. इससे नाराज परिजन और ग्रामीण सोमवार को सड़क पर उतर आये. लोगों ने छात्रा की सुरक्षित बरामदगी की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया.
डीएसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने समझाया
सड़क जाम की सूचना मिलते ही दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा, मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार, एसआई अफसर अली, संजय चौधरी समेत पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को छात्रा की जल्द बरामदगी का भरोसा दिया. इसके बाद ग्रामीण सड़क से हटे और यातायात सामान्य हुआ.
पुलिस बोली- हर स्तर से हो रही तलाश
मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि जक्कनपुर पुलिस युवक को पूछताछ के लिए ले गयी थी. उसके खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिलने पर पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया.
वहीं जक्कनपुर थानाध्यक्ष ऋतुराज ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है. छात्रा की बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए