पटना: अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की बैठक में बिहार के आतिथ्य की गूंज, सम्मेलन में की गई संगठन क्षमता की सराहना

अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन में शामिल सदस्य
Patna Marwari Sammelan: अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक पटना में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई. राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका ने बिहार इकाई के उत्कृष्ट आतिथ्य, अनुशासित व्यवस्था और भव्य आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना की.
Patna Marwari Sammelan: बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन की पटना नगर शाखा के आतिथ्य में आयोजित अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की तृतीय बैठक रविवार को गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई. देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे राष्ट्रीय पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों की उपस्थिति ने बैठक को विशेष महत्व प्रदान किया. बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, सेवा परियोजनाओं, युवा एवं महिला सहभागिता तथा आगामी राष्ट्रीय कार्यक्रमों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.
बिहार इकाई ने पेश किया संगठन और सेवा का उदाहरण
राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन एवं पटना नगर शाखा की ओर से किए गए उत्कृष्ट आतिथ्य, अनुशासित व्यवस्था और भव्य आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना की. उन्होंने कहा कि बिहार इकाई ने पूरे देश के सामने संगठन, सेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है.
उन्होंने शिक्षा, सेवा, संस्कृति और सुदृढ़ संगठन को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए स्वास्थ्य, रोजगार, उच्च शिक्षा, बच्चों में संस्कार, महिलाओं की भागीदारी, भारतीय त्योहारों के संरक्षण, मातृभाषा के प्रचार-प्रसार तथा सामाजिक सुधार जैसे विषयों पर विशेष बल दिया.
आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का सम्मान
बैठक के दौरान अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष एवं महामंत्री, पटना नगर शाखा के अध्यक्ष एवं महामंत्री सहित आयोजन को सफल बनाने वाले सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया. राष्ट्रीय नेतृत्व ने आयोजन की सफलता का श्रेय बिहार टीम के समर्पण और अथक परिश्रम को दिया.
राष्ट्रीय प्रतिनिधियों का हुआ अभिनंदन
बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से भी देशभर से आए राष्ट्रीय पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों और प्रतिनिधियों का सम्मान कर उनका अभिनंदन किया गया. बिहार की आत्मीय परंपरा और सम्मान-सत्कार की सभी अतिथियों ने सराहना की.
संगठन को नई ऊर्जा देने वाला आयोजन
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं बिहार प्रभारी विनोद मोदी ने कहा कि इस प्रकार के सुव्यवस्थित आयोजन संगठन की एकता और कार्यक्षमता को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं. बैठक की कार्यवाही का संचालन राष्ट्रीय महामंत्री केदार नाथ गुप्ता ने किया. उन्होंने संगठन के भावी कार्यक्रमों और सेवा गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कार्यकारिणी के निर्णयों की जानकारी दी. बैठक का समापन संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय और समाजोपयोगी बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










