ePaper

महाकुंभ भगदड़: दोनों बेटे विदेश में और विधवा मां की हो गयी मौत, बिहार से बेटी साथ लेकर गयी थी प्रयागराज

Updated at : 30 Jan 2025 12:21 PM (IST)
विज्ञापन
Mahakumbh news

महाकुंभ भगदड़

Mahakumbh News: बिहार से अपनी विधवा मां को लेकर बेटी प्रयागराज गयी थी. दोनों बेटे विदेश में रहते हैं. महाकुंभ भगदड़ में मां की मौत हो गयी. जानिए आंखोंदेखी...

विज्ञापन

मौनी अमावस्या पर महाकुंभ में अमृत स्नान करने की इच्छा मां ने जतायी तो बेटी ने तय किया कि मां की इस इच्छा को पूरा करवाया जाएगा. बिहार के गोपालगंज से अपनी मां को लेकर संगीता कुमारी प्रयागराज पहुंची थी. बुधवार की सुबह मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान करने की तैयारी थी. इस बीच मंगलवार की रात करीब दो बजे संगम नोज पर भगदड़ मचती है. इस भगदड़ में कई लोगों की मौत हो गयी. अनेकों लोग जख्मी हुए. इस हादसे का शिकार संगीता की मां शिवकली देवी भी बन गयी और उनकी मौत हो गयी. संगीता कुमारी अपनी मां की इच्छा पूरी कराने महाकुंभ लेकर गयी थी लेकिन शिवकली देवी का शव अब उनके गांव लौटेगा. गांव में मातम पसरा हुआ है.

बेटे विदेश में रहते हैं, बेटी के साथ कुंभ स्नान के लिए पहुंची थी विधवा मां

गोपालगंज जिले के बरौली प्रखंड के स्व. तारकेश्वर सिंह की 65 वर्षीय पत्नी शिवकली देवी की मौत प्रयागराज महाकुंभ भगदड़ में हुई है. शिवकली देवी के पति की मौत करीब 9 साल पहले हो चुकी थी. उनके दोनों बेटे विदेश में रहते हैं. अपनी बेटी के साथ वो कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गयी थीं. लेकिन मंगलवार रात को हुई भगदड़ के दौरान काल के मुंह में समा गयीं.

ALSO READ: महाकुंभ भगदड़ में बिहार की एक और युवती की मौत की पुष्टि, बेटी की लाश के पास रोती-बिलखती रही मां

बेटी ने बताया, मां कैसे बनी हादसे का शिकार

प्रयागराज से संगीता ने बताया कि उसके पिता की मौत 9 साल पहले हो गयी. दोनों भाई विदेश में रहते हैं. उसने सोचा कि मां को स्नान,दान और पुण्य लाभ के लिए अपने साथ महाकुंभ लेकर जाएं. वहां अपनी मां के साथ पहुंची. रात करीब डेढ़ बजे संगम घाट पर स्नान करने पहुंची तो काफी भीड़ वहां थी. बगल से साधुओं का काफिला जा रहा था जिससे अचानक भीड़ बढ़ गयी. भगदड़ मचने से उसकी मां की मौत हो गयी.

नानी की मौत के बारे में नातिन ने बताया…

शिवकली देवी के साथ उनकी नातिन भी प्रयागराज गयी थीं. युवती ने बताया कि वो अपनी मां और नानी के साथ वहां थी. अचानक धक्का-मुक्की होने लगी और कई लोग गिर गए. हम फंस गए और भीड़ बेकाबू हो गयी. बचने का कोई मौका नहीं था. हर तरफ से धक्का पड़ रहा था. कुछ देर बाद पता चला कि नानी की मौत हो गयी है.

विज्ञापन
ThakurShaktilochan Sandilya

लेखक के बारे में

By ThakurShaktilochan Sandilya

डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन