'जान दे देंगे, जमीन नहीं देंगे', पटना के BPSC प्रोटेस्ट में किसान भी आए, पाटलिपुत्र सैटेलाइट टाउनशिप का किया विरोध
पुलिस ने बस में बिठाकर प्रदर्शनकारी किसान को भेजा.
पटना में छात्र-युवाओं के साथ किसान भी सड़कों पर उतरे. पुनपुन और बिहटा के किसानों ने अपनी उपजाऊ जमीन लेकर टाउनशिप बनाने का सरकार के फैसले का पुरजोर विरोध किया. 'जान देंगे, जमीन नहीं देंगे' के नारों के साथ उन्होंने अपनी मांगें रखीं.
पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
आपके शहर में
Patliputra Satellite Township : पटना में आज छात्रों-युवाओं के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान भी शामिल हुए. सभी किसान पुनपुन और बिहटा के इलाकों से आए थे. इनके इलाके की जमीन लेकर वहां पाटलिपुत्र सैटेलाइट टाउनशिप बनाने का सरकार ने ऐलान किया है. हालांकि इलाके के किसानों का कहना है कि वो अपनी जमीनें नहीं देंगे.
पटना में प्रदर्शन की लाइव कवरेज के लिए यहां क्लिक करें.
पटना में प्रदर्शन करने पहुंचे किसानों ने क्या कहा
मंगलवार सुबह गांधी मैदान में ही छात्रों-युवाओं के साथ किसान भी जुटने लगे थे. छात्रों के साथ ही किसानों का जत्था भी डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ता रहा. इनमें बड़ी संख्या में बुजुर्ग किसान और महिलाएं भी शामिल थीं. इसी बीच छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज, वाटर कैनन का इस्तेमाल किया.
आखिरकार शाम में डाकबंगला के पास पहुंचे प्रदर्शनकारी किसानों को भी पुलिस ने डिटेन कर बस के द्वारा भेज दिया.

जान देंगे, जमीन नहीं देंगे - किसानों ने किया ऐलान
डाकबंगला चौराहे पर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने प्रभात खबर से बातचीत में स्पष्ट कहा कि वो भले जेल चले जाएंगे, जान दे देंगे, लेकिन जमीन नहीं देंगे. सरकार किसानों की जमीन हड़प रही है. उन्हें भूखे मारना चाहती है.
डुमरी से आए एक किसान ने बताया कि बिहटा-सरमेरा हाइवे को दक्षिणी-पश्चिमी इलाके की जमीन बहुत ही उपजाउ है. हमलोग वहां साल में चार फसल काटते हैं. अब सरकार इस जमीन को लेकर वहां ईंट का महल खड़ा करना चाहती है. हम ये लेकर क्या करेंगे.
पुनपुन से आए उदय सिंह ने कहा कि हमारी पांच एकड़ जमीन जा रही है. सरकार मुआवजा भी क्या ही देगी. हम पैसा लेकर क्या करेंगे.
मंत्री के सामने भी जताया था विरोध
इससे पहले 22 अगस्त को भी पुनपुन और नौबतपुर इलाके में प्रस्तावित पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप को लेकर जमीन मालिकों के साथ बैठक बुलाई गई थी. इसमें बड़ी संख्या में किसान पहुंचे. जैसे ही लैंड पूलिंग के जरिए जमीन लेने की बात सामने आई, किसानों ने इसका विरोध शुरू कर दिया.
बैठक में नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा, विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पटना डीएम कुंदन कुमार और नगर आयुक्त यशपाल मीणा समेत कई बड़े अधिकारी मौजूद थे.
किसानों ने अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की और सरकार के खिलाफ नारे लगाने लगे. मामला इतना बढ़ गया कि किसानों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस होने लगी. समझाने की कोशिश के बावजूद किसान नहीं माने और नारेबाजी करते हुए बैठक से बाहर निकल गए. पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें.
पुनपुन-नौबतपुर में प्रस्तावित है सैटेलाइट टाउनशिप
पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप पटना के पुनपुन और नौबतपुर प्रखंड क्षेत्र में प्रस्तावित है. इसे डेवलपमेंट प्लान 2047 के तहत विकसित करने की योजना है. फिलहाल परियोजना के लिए जमीन जुटाने का मुद्दा सबसे बड़ी चुनौती बन गया है. सरकार और किसानों के बीच बातचीत से रास्ता निकलता है या जमीन को लेकर विरोध आगे भी जारी रहता है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा.
यह भी पढ़ें : पाटलिपुत्र सैटेलाइट टाउनशिप में स्कूल, हॉस्पिटल, थाने समेत होंगी ये खास सुविधाएं, सरकार ने तैयार किया ब्लूप्रिंट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए