दानापुर में ढाई साल में दूसरी बार RCC नाला निर्माण, 32 लाख खर्च के बाद भी जलजमाव कायम
दानापुर आरसीसी नाला निर्माण
पटना के दानापुर में विकास कार्यों में लापरवाही की पोल खुली है. जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के नाम पर ढाई साल के भीतर दूसरी बार आरसीसी नाला बनाया जा रहा है, जिस पर लाखों रुपये खर्च हो चुके हैं.
Danapur RCC Drain Being Rebuilt : पटना. बिहार में सफाई व्यवस्था पहले से ही कई जगहों पर सवालों के घेरे में है और अब विकास कार्यों को लेकर भी लापरवाही की तस्वीर सामने आ रही है. राजधानी पटना के दानापुर इलाके में जल निकासी की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत देने के नाम पर ढाई साल के भीतर दूसरी बार आरसीसी नाला बनाया जा रहा है.
दानापुर के गोला रोड स्थित गोसाई टोला प्राथमिक विद्यालय रोड में जलजमाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है. लेकिन अब लोगों को जल्द ही इस से राहत मिल जाएगी. जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर परिषद प्रशासन द्वारा ढाई साल के भीतर दूसरी बार आरसीसी नाला निर्माण कराया जा रहा है. लेकिन इस पूरे काम पर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस निर्माण कार्य में बुनियादी नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा है. मौके पर न तो कोई शिलापट्ट लगाया गया है और न ही यह स्पष्ट किया गया है कि इस नाले के निर्माण में कितनी लागत आ रही है और यह कार्य कहां से कहां तक किया जाना है.
पहले भी खर्च हो चुके हैं लाखों रुपये
स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब ढाई साल पहले भी इसी जगह पर लगभग 32 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाला बनाया गया था. लेकिन उस नाले से जल निकासी की समस्या दूर नहीं हो सकी. नतीजा यह हुआ कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर और आसपास की सड़क पर लगातार जलजमाव की स्थिति बनी रही.
अब एक बार फिर उसी स्थान पर नाला निर्माण कराया जा रहा है, जिससे लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर पहले बनाए गए नाले का क्या फायदा हुआ और उसमें खर्च की गई राशि का क्या परिणाम निकला.
मिलीभगत का आरोप, गुणवत्ता पर सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद के अधिकारियों और कनीय अभियंताओं की मिलीभगत से निर्माण कार्य में नियमों को दरकिनार किया जा रहा है. लोगों का कहना है कि संवेदक मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं और गुणवत्ता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा है.
लोगों ने एसडीओ सह नगर परिषद प्रशासक अनिरुद्ध पांडेय से इस पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि सही तरीके से जांच हो तो निर्माण कार्य में कई अनियमितताएं सामने आ सकती हैं.
बारिश में खुदाई से बढ़ी परेशानी
स्थानीय निवासियों ने यह भी बताया कि इस समय बारिश का मौसम चल रहा है, इसके बावजूद नाला निर्माण के लिए गड्ढे खोदे जा रहे हैं. जबकि नियम के अनुसार बारिश के दौरान इस तरह के निर्माण कार्य नहीं किए जाने चाहिए.
गड्ढों के कारण रास्ते और भी खराब हो गए हैं और लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति और भी खतरनाक हो गई है.
प्रशासन से नहीं हो सका संपर्क
इस पूरे मामले पर जब एसडीओ सह नगर परिषद प्रशासक अनिरुद्ध पांडेय से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनसे बात नहीं हो सकी. ऐसे में प्रशासन की चुप्पी भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.
फिलहाल दानापुर के लोगों को उम्मीद है कि उनकी समस्याओं पर जल्द ध्यान दिया जाएगा और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी, ताकि जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजय कुमार
संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झंझारपुर (मधुबनी) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










