ePaper

सीयूइटी : 30 जनवरी तक आवेदन, 11 मई को परीक्षा

Updated at : 05 Jan 2026 9:50 PM (IST)
विज्ञापन
सीयूइटी : 30 जनवरी तक आवेदन, 11 मई को परीक्षा

इस बार छात्रों को कुल पांच विषय ही चुनने होंगे. विकल्पों में 23 डोमेन सब्जेक्ट, 13 भाषाएं व एक जेनरल एप्टीट्यूड टेस्ट का होगा.

विज्ञापन

संवाददाता, पटना

कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूइटी) यूजी 2026 के लिए इस बार रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया समय से काफी पहले शुरू कर दी गयी है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के अनुसार 30 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन किये जा सकते हैं. परीक्षा 11 मई से शुरू होगी. राहत की बात यह है कि इस बार परीक्षा पैटर्न में कोई बदलाव नहीं किया गया है. ऐसे में छात्रों के सामने सबसे बड़ा सवाल डोमेन और विषय चयन को लेकर है, क्योंकि इसी पर एडमिशन की दिशा तय होगी. इस बार छात्रों को कुल पांच विषय ही चुनने होंगे. विकल्पों में 23 डोमेन सब्जेक्ट, 13 भाषाएं व एक जेनरल एप्टीट्यूड टेस्ट का होगा. इस तरह कुल 37 विषयों में से किन्हीं पांच विषयों का चयन करना होगा. 2022 में जहां नौ, 2023 में 10 और 2024 में छह विषयों को चुनने का विकल्प था, वहीं 2025 से इसे घटाकर पांच कर दिया गया था और यही व्यवस्था 2026 में भी लागू रहेगी.

डोमेन सब्जेक्ट चुनते समय सतर्कता जरूरी

विशेषज्ञों का कहना है कि छात्र 12वीं में न पढ़े गये विषयों को भी चुन सकते हैं, लेकिन इससे पहले संबंधित विश्वविद्यालय और कोर्स की पात्रता शर्तें जरूर जांचनी होंगी. कई केंद्रीय और राज्य विश्वविद्यालय डोमेन सब्जेक्ट को लेकर सख्त नियम लागू हैं. गलत विषय चयन से बाद में एडमिशन प्रक्रिया में परेशानी हो सकती है.

पहले आवेदन, फिर बोर्ड परीक्षा

एनटीए ने इस बार आवेदन प्रक्रिया को दो महीने पहले शुरू किया है. इसके पीछे वजह यह बतायी गयी है कि मार्च में बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने के बाद छात्रों को आवेदन में दिक्कतें आती थीं. अब जनवरी में ही रजिस्ट्रेशन होने से छात्रों को तैयारी और आवेदन दोनों के लिए पर्याप्त समय मिलेगा. एनटीए अधिकारियों के अनुसार सीयूइटी यूजी 2026 का स्कोर केवल 2026-27 शैक्षणिक सत्र के एडमिशन के लिए ही मान्य होगा. परीक्षा के लिए आवेदन 30 जनवरी व फीस भुगतान 31 जनवरी रात 11:50 बजे तक कर सकते हैं. करेक्शन विंडो दो से चार फरवरी तक ओपन रहेगा. परीक्षा 11 से 31 मई तक आयोजित की जायेगी.

50 प्रश्नों को हल करना होगा 60 मिनट में

परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) मोड में आयोजित होगा. हर पेपर के लिए 60 मिनट समय दिया जायेगा. प्रश्नों की संख्या 50 (सभी अनिवार्य) होगा. सही उत्तर पर पांच अंक दिया जायेगा. गलत उत्तर पर एक अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी. सभी प्रश्न एमसीक्यू आधारित होंगे. परीक्षा मल्टी शिफ्ट में आयोजित की जायेगी. परीक्षा का आयोजन 13 भाषाओं में किया जायेगा. इनमें हिंदी और इंग्लिश के अलावा असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओडिया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू शामिल हैं.

200 से अधिक विश्वविद्यालयों में मिलेगा दाखिला

सीयूइटी यूजी 2026 के आधार पर केंद्रीय, राज्य, डीम्ड और निजी सभी तरह के विश्वविद्यालयों में एडमिशन होगा. एनटीए के अनुसार 200 से ज्यादा विश्वविद्यालय इसमें भाग ले सकते हैं. पिछले वर्ष की तरह इस बार भी 13 लाख से अधिक छात्रों के आवेदन करने की संभावना है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ANURAG PRADHAN

लेखक के बारे में

By ANURAG PRADHAN

ANURAG PRADHAN is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन