बिहार में एक लाख मरीजों का होगा मोतियाबिंद का मुफ्त ऑपरेशन, इलाज के लिए जिलों में लगेंगे कैंप

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 05 Jan 2023 12:03 AM

विज्ञापन

तेजस्वी ने कहा कि कैथलैब की सुविधा मिलने से गरीब मरीजों को काफी राहत मिलेगी. कैथलैब में सभी डायग्नोस्टिक इमेजिंग सिस्टम हैं. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग एक लाख मरीजों का मुफ़्त मोतियाबिंद का ऑपरेशन करायेगा

विज्ञापन

बिहार में मोतियाबिंद से पीड़ित लोगों के लिए राहत भरी खबर है. स्वास्थ्य विभाग एक लाख मरीजों का नि:शुल्क मोतियाबिंद का ऑपरेशन करायेगा. इसके लिए राज्य के सभी जिलों में कैंप लगेगा. यह काम फरवरी से शुरू होगा. ऑपरेशन में आइजीआइएमएस समेत राज्य के अन्य बड़े मेडिकल कॉलेज अस्पतालों के डॉक्टरों की भी मदद ली जायेगी. उपमुख्यमंत्री सह स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव ने बुधवार को पीएमसीएच में कैथ लैब के उद्घाटन के मौके पर यह घोषणा की. मौके पर उन्होंने गया व भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में थैलेसिमिया डे केयर यूनिट का भी ऑनलाइन उद्घाटन किया. उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन पीएमसीएच के ऑडिटोरियम सभागार में किया गया था. तेजस्वी ने कहा कि कैथलैब की सुविधा मिलने से गरीब मरीजों को काफी राहत मिलेगी. कैथलैब में सभी डायग्नोस्टिक इमेजिंग सिस्टम हैं.

1.60 लाख पदों पर नियुक्ति की हो चुकी है शुरुआत

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में एक लाख 60 हजार पदों पर नियुक्ति करने का निर्णय लिया गया है, जिसकी शुरुआत राज्य स्वास्थ्य समिति के माध्यम से कर दी गयी है. उन्होंने कहा कि पीएमसीएच समेत अन्य सरकारी अस्पतालों में मरीज आने से कतराते हैं, जिसको देखते हुए मिशन 60 दिन का टारगेट रखा गया, ताकि सफाई, दवाई, पढ़ाई आदि बाधित न हो सके. इसी टारगेट के तहत अस्पतालों को सुधारने का काम जारी है. उन्होंने कहा कि अस्पतालों में बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए आने वाले समय में सुलभ शौचालय को इसकी जिम्मेदारी सौंपी जायेगी.

बिहार ने कालाजार उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त किया : तेजस्वी

स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा है कि बिहार ने कालाजार उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल कर लिया है. बुधवार की शाम केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डाॅ मनसुख मांडविया द्वारा बिहार, झारखंड, यूपी और पश्चिम बंगाल में कालाजार उन्मूलन हेतु वीडिओ कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की गयी. बिहार का पक्ष रखते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य कालाजार रोग उन्मूलन के अंतिम पड़ाव पर है. जिस प्रकार स्वास्थ्य विभाग दूसरे विभागों से समन्वय से कार्य कर रहा है, पूरा विश्वास है कि बिहार शीघ्र ही कालाजार मुक्त होगा.

लोगों को कच्चे मकानों के स्थान पर पक्के मकान बनाकर दिए जा रहें हैं

अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लोगों को कच्चे मकानों के स्थान पर पक्के मकान बनाकर दिए जा रहें हैं ताकि लोग कालाजार रोग से सुरक्षित रह सकें. उन्होंने यह भी कहा कि कालाजार रोग ठीक होने के पश्चात पीकेडीएल नामक त्वचा रोग के उन्मूलन पर भी सघन कार्य किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को स्थायी रखना है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन