पटना: ईद-मिलादुन्नबी पर बिक्रम में निकला जुलूस, आपसी भाईचारे और सौहार्द का दिया संदेश
ईद-मिलादुन्नबी जुलूस में शामिल लोग
बिक्रम में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन पर ईद-मिलादुन्नबी का पर्व धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर निकाले गए जुलूस ने आपसी भाईचारे और सौहार्द का पैगाम दिया.
Patna Eid Miladun Nabi Procession: पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को बिक्रम में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने ईद-मिलादुन्नबी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया. इस अवसर पर गरीब नवाज मिल्लत-ए-इस्लामिया कमिटी मस्जिद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्र हुए और बैनर लेकर नगर में जुलूस निकाला.
आपके शहर में
विभिन्न मार्गों से होकर शहीद स्मारक पहुंचा जुलूस
जुलूस खोरैठा, नगहर, ब्लॉक रोड, असपुरा और सिनेमा हॉल सहित विभिन्न मार्गों एवं चौक-चौराहों से गुजरते हुए शहीद स्मारक पहुंचा. इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को ईद-मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी. विभिन्न स्थानों पर जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत भी किया गया.
आपसी भाईचारे का दिया संदेश
दोनों समुदायों के लोगों ने आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाया. कार्यक्रम में लोगों ने कहा कि ईद-मिलादुन्नबी का पर्व प्रेम, भाईचारे और मानवता का संदेश देता है. जुलूस के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाते हुए सामाजिक एकता का संदेश दिया गया.
जुलूस में गरीब नवाज मिल्लत-ए-इस्लामिया कमिटी, इदरीसी मोहल्ला, बिक्रम के मो. दानिश, मो. सैफ, मो. इबरार, मो. साबिर, मो. अज़ाज़, मो. जहांगीर, मो. सोहराब, मो. आरिफ, मो. अरबाज सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए.
पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
जुलूस को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा. विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. पुलिसकर्मी जुलूस के साथ चलकर विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे.
कार्यक्रम में नगराध्यक्ष प्रतिनिधि सह समाजसेवी अनिल कुमार, वीरेंद्र संतोषी, नन्हे मिश्रा सहित कई लोग मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए