बिहार में मौसम का डबल अटैक: कहीं आंधी-बारिश से तबाही, तो कहीं ठंडी हवाओं से राहत, 7 दिन के लिए अलर्ट जारी

Updated:
विज्ञापन

आंधी-बारिश की सांकेतिक तस्वीर

Bihar Rain Alert: बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. कई जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से भारी नुकसान हुआ है, जबकि ठंडी हवाओं और बादलों ने लोगों को गर्मी से राहत दी है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

विज्ञापन

Bihar Rain Alert: बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. एक ओर जहां कुछ जिलों में तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई है, वहीं कई इलाकों में ठंडी हवाओं और बादलों ने लोगों को गर्मी से राहत दी है. मौसम विभाग ने आज कैमूर, बक्सर और रोहतास जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

आंधी ने मचाई तबाही, कई जगहों पर भारी नुकसान

खगड़िया में देर रात आई तेज आंधी ने जमकर तबाही मचाई. कई लोगों के घरों को नुकसान पहुंचा, जबकि पेड़ गिरने से नेशनल हाईवे पूरी तरह जाम हो गया. सुपौल और सहरसा में भी तेज हवा के कारण पेड़ उखड़ गए, जिससे फसलों के साथ-साथ मकानों को भी नुकसान पहुंचा है.

सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर में हालात और भी चिंताजनक रहे, जहां अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के आवास पर दीवार और छप्पर गिर गया. इस हादसे में उनकी सरकारी गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

कोहरे और बादलों का असर, मौसम हुआ सुहावना

किशनगंज में सुबह-सुबह घना कोहरा देखने को मिला, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई. वहीं पटना समेत कई जिलों में सुबह से आसमान में बादल छाए रहे. ठंडी हवाओं के कारण लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है, हालांकि कुछ इलाकों में हल्की धूप भी निकली.

बारिश और ओलावृष्टि से बढ़ी परेशानी

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई. वैशाली के राजापाकर और रोह में 4.4 मिमी, जबकि नवादा के हिसुआ में 3.2 मिमी बारिश हुई. मधेपुरा में 24 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं. इसके अलावा पूर्वी चंपारण, शिवहर और सीतामढ़ी में भी ओलावृष्टि ने फसलों को नुकसान पहुंचाया.

तापमान का उतार-चढ़ाव जारी

राज्य में तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है. पिछले 24 घंटों में डेहरी में सबसे अधिक 37.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि किशनगंज में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा.

क्यों बदल रहा है मौसम?

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय गर्मी का संयुक्त असर है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण नमी और ठंडी हवाएं आ रही हैं, जबकि दिन में तेज धूप जमीन को गर्म कर रही है. इससे वातावरण अस्थिर हो रहा है और आंधी, बारिश व ओलावृष्टि जैसी स्थिति बन रही है.

4 से 6 अप्रैल के बीच फिर बिगड़ेगा मौसम

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 4 अप्रैल से मौसम एक बार फिर बदल सकता है. 6 अप्रैल को पूरे बिहार में आंधी, बारिश और ठनका गिरने की संभावना जताई गई है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

तापमान में फिर हो सकती है बढ़ोतरी

अगले 3 से 4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि इसके बाद तापमान में गिरावट आने के संकेत भी मिल रहे हैं. न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा.

Also Read: बिहार में नौकरियों के बाद अब फैक्ट्रियों पर फोकस, सम्राट चौधरी ने बताया इंडस्ट्रियल बूम का रोडमैप

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन