पटना में छिपा बैठा था सहरसा के दारोगा पर फायरिंग करने वाला मास्टरमाइंड, STF ने किया गिरफ्तार
Published by : Anshuman Parashar Updated At : 08 Jul 2025 9:24 PM
Patna News
Patna News : सहरसा में सब-इंस्पेक्टर मनोज सिंह पर हुई फायरिंग के मुख्य आरोपी नितीश यादव को STF ने पटना के सकरपुरा से गिरफ्तार किया है. गोलीबारी में उनके बेटे और भतीजे को भी गोलियां लगी थीं. मामला जमीन विवाद से जुड़ा था, जांच जारी है.
Patna News: बिहार के सहरसा जिले में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर मनोज सिंह पर हुई जानलेवा फायरिंग के मुख्य आरोपी नितीश यादव को STF ने पटना के सकरपुरा गांव से गिरफ्तार कर लिया है. घटना ने तब तूल पकड़ा जब पंचायत में बैठे सब-इंस्पेक्टर, उनके बेटे और भतीजे को गोली मार दी गई थी. STF की टीम ने छापेमारी कर आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है.
परिवार के तीन लोग हुए थे घायल
सब-इंस्पेक्टर मनोज सिंह धनरूआ थाना क्षेत्र के सेवती गांव में अपनी ससुराल की जमीन विवाद के निपटारे को लेकर पंचायत में बैठे थे. लेकिन पंचायत के दौरान नितीश यादव और उसके साथियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी. इस फायरिंग में मनोज सिंह के बेटे सावन कुमार को तीन गोलियां, और भतीजे रोहित को पेट में गोली लगी. तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
जमीन विवाद ने लिया खून-खराबे का रूप
पुलिस जांच में पता चला कि विवाद की जड़ 9 बीघा जमीन थी, जो SI मनोज सिंह की ससुराल की संपत्ति थी. इसी जमीन पर नितीश यादव पक्ष की नजर थी, और मामला पहले से तनावपूर्ण था. STF को सूचना मिली कि नितीश यादव पटना के सकरपुरा गांव में छिपा है.
गुप्त सूचना पर छापेमारी कर उसे धर-दबोचा गया. पूछताछ में नितीश ने बताया कि वह पहले लोहे और स्क्रैप के व्यापार से जुड़ा था और जमीन को लेकर पुरानी रंजिश थी. उसके खिलाफ धनरूआ थाने में पहले से तीन आपराधिक केस दर्ज हैं.
STF की कार्रवाई के बाद गांव में फैली चर्चा
गिरफ्तारी के बाद STF ने आरोपी से लंबी पूछताछ की. पुलिस अब यह जानने में जुटी है कि इस साजिश में कौन-कौन और शामिल थे और हथियार कहां से आए. गांव में STF की कार्रवाई के बाद चर्चा गर्म है कि एक जमीन विवाद इतना बड़ा खून-खराबा बन जाएगा, इसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anshuman Parashar
अंशुमान पराशर पिछले दो वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के लिए बिजनेस की लेटेस्ट खबरों पर काम कर रहे हैं. इसे पहले बिहार की राजनीति, अपराध पर भी इन्होंने खबरें लिखी हैं. बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में इन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और विस्तृत राजनीतिक कवरेज किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










