मनेर में एक साथ चार घरों को बनाया निशाना, लाखों के जेवरात और नकदी ले गये चोर
लोगों की जुटी भीड़
मनेर के छितनावा गांव में रात में 4 घरों में चोरी हुई. चोर लाखों के जेवरात और नकदी लेकर भागे. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Patna News : मनेर थाना क्षेत्र की खासपुर पंचायत के छितनावा गांव में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में चार घरों को निशाना बनाया. चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गये. घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह घरवालों के जागने पर हुई. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
अलमारी और बक्से के लॉकर तोड़कर चोरी
बताया जाता है कि छितनावा गांव निवासी सुधांशु कुमार और रिंटू कुमार यादव के परिवार के सदस्य सोमवार की रात घर में सोये हुए थे. इसी दौरान अज्ञात चोर किसी तरह घर में दाखिल हो गये और दोनों घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया.
सुधांशु कुमार के घर में चोरों ने अलमारी और बक्से के लॉकर तोड़कर करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 1.20 लाख रुपये नकद चोरी कर लिये.
वहीं, रिंटू कुमार यादव के घर में भी अलमारी और लॉकर तोड़कर करीब 10 से 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और हजारों रुपये नकद चोरी किये जाने की बात सामने आयी है.
रातभर घर खंगालते रहे चोर
परिजनों के अनुसार, चोरों ने दोनों घरों में काफी देर तक सामान खंगाला, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी. मंगलवार की सुबह जब घर के लोगों की नींद खुली तो अलमारी और बक्सों के लॉकर टूटे मिले. घर का सामान भी बिखरा पड़ा था. इसके बाद परिवार के सदस्यों ने मनेर पुलिस को घटना की जानकारी दी.
दो अन्य घरों में भी चोरी
ग्रामीणों के अनुसार, छितनावा गांव में ही मंटी शर्मा और भूषण सिंह के घर में भी चोरों ने चोरी की है. इस तरह एक ही रात में चार घरों में चोरी की घटना से गांव में चर्चा का माहौल है. हालांकि, इन दोनों घरों से चोरी गयी संपत्ति का विस्तृत आकलन अभी सामने नहीं आया है.
पुलिस पेट्रोलिंग पर ग्रामीणों ने उठाये सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस गश्ती को लेकर नाराजगी है. ग्रामीणों का कहना है कि रात में पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग नहीं होने का फायदा चोरों को मिल रहा है. एक ही रात में चार घरों में चोरी की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है.
जांच में जुटी पुलिस
मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि चोरी की घटना को लेकर शिकायत मिली है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए