छह माह से मानदेय नहीं मिला, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं ने दिया सीडीपीओ कार्यालय पर धरना

Updated:
विज्ञापन

विरोध जताती सेविका व सहायिका

पटना में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं ने छह माह से बकाया मानदेय और अन्य 6 सूत्री मांगों को लेकर सीडीपीओ कार्यालय के समक्ष धरना दिया. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो वे राज्यव्यापी हड़ताल कर सकती हैं.

विज्ञापन

Patna News : पटना जिले के मसौढ़ी में छह माह से बकाया मानदेय समेत छह सूत्री मांगों को लेकर आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं ने मंगलवार को मोर्चा खोल दिया. बिहार आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका संघ के बैनर तले अनुमंडल के तीनों प्रखंडों की सैकड़ों सेविका-सहायिकाओं ने सीडीपीओ कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के बाद संघ की ओर से मांगों का ज्ञापन सीडीपीओ को सौंपा गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

छह माह से मानदेय बकाया, किस्तों में भुगतान का आरोप

धरना में शामिल सेविका-सहायिकाओं ने कहा कि उनका करीब छह माह का मानदेय बकाया है. उनका आरोप है कि मानदेय का भुगतान नियमित नहीं किया जा रहा है और कई बार किस्तों में राशि दी जाती है. लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

सेविकाओं ने बताया कि मोबाइल के माध्यम से विभागीय कार्य कराया जाता है, लेकिन मोबाइल रिचार्ज की राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है. इससे काम करने में भी परेशानी होती है.

छह सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन

संघ ने सेविका से महिला पर्यवेक्षिका और सहायिका से सेविका के पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने की मांग की. इसके साथ ही पोशाक, अन्नप्राशन, गोदभराई, प्रोत्साहन राशि, मकान किराया और मोबाइल रिचार्ज की बकाया राशि का जल्द भुगतान करने की मांग उठायी गयी.

सेविका-सहायिकाओं ने महंगाई को देखते हुए मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि करने तथा न्यायालय के आदेश के अनुरूप ग्रेच्युटी और सेवान्त लाभ देने की भी मांग की.

मांगें नहीं मानीं तो राज्यव्यापी हड़ताल

प्रदर्शन के दौरान संघ की आशा कुमारी, सुजाता कुमारी, इसमत प्रवीण, सोनी कुमारी, निम्की कुमारी, अर्चना कुमारी, प्रेमलता कुमारी और सुनीता कुमारी समेत बड़ी संख्या में सेविका-सहायिका मौजूद रहीं.

संघ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गयी, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर राज्यव्यापी हड़ताल का निर्णय भी लिया जा सकता है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन