महिला आरक्षण पर बिहार में सियासत गरम, भाजपा और महागठबंधन में वार-पलटवार का दौर

Updated at : 10 Mar 2017 8:19 AM (IST)
विज्ञापन
महिला आरक्षण पर बिहार में सियासत गरम, भाजपा और महागठबंधन में वार-पलटवार का दौर

भाजपा नेता सुशील मोदी ने कहा है कि लोकसभा चुनाव के पहले केंद्र सरकार महिलाओं को सदनों में 33 फीसदी आरक्षण देगी. वहीं, जदयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि भाजपा अब महिलाओं के नाम पर आंसू बहा रही है. प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष ने केंद्र को सर्वदलीय बैठक बुलाने का सुझाव दिया […]

विज्ञापन
भाजपा नेता सुशील मोदी ने कहा है कि लोकसभा चुनाव के पहले केंद्र सरकार महिलाओं को सदनों में 33 फीसदी आरक्षण देगी. वहीं, जदयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि भाजपा अब महिलाओं के नाम पर आंसू बहा रही है. प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष ने केंद्र को सर्वदलीय बैठक बुलाने का सुझाव दिया है.
पटना: भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव के पहले नरेंद्र मोदी की सरकार संसद और विधानमंडल के दोनों सदनों में 33 फीसदी आरक्षण देने का अपना वादा पूरा करेगी. महिला आरक्षण का विरोध जदयू, राजद, सपा जैसी पार्टियां करती रही हैं. महिला आरक्षण हमारी पार्टी के घोषणापत्र में है. मोदी गुरुवार को भाजपा महिला मोरचा की ओर से आयोजित महिला हितग्राही सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे.
मोदी ने कहा कि लालू यादव अगर राबड़ी देवी के लिए ताजमहल बनवा दिये होते तो ज्यादा बेहतर होता. मगर उन्होंने तो मजबूरी में राबड़ी देवी को ताज पहना कर सात साल में बिहार को बरबाद कर दिया. मोदी ने कहा कि उमा भारती, विजय राजे सिंधिया, जयललिता तथा मायावती जैसी महिलाएं राबड़ी देवी की तरह मजबूरी में नहीं, बल्कि अपने बूते मुख्यमंत्री का ताज पहनीं. प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि भारत से अधिक महिलाओं का सम्मान दुनिया में कहीं नहीं होता है. भाजपा महिलाओं को अवसर देगी.
राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ानी होगी. उन्होंने बेटी बढ़ाओ, बेटी बचाओ, देश बढ़ाओ का नारा दिया. विपक्ष के नेता डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि जब भाजपा सरकार में शामिल थी तब पंचायत और निकाय चुनाव में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया गया. संगठन में 33 फीसदी आरक्षण दिया गया है. अब संसद और विधानमंडल में भी मिलेगा. नंदकिशोर यादव ने कहा कि भाजपा की जब-जब सरकार बनी महिलाओं को उचित सम्मान दिया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता सजल झा ने की. सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्र की महिलाओं को उनके हौसला के लिए सम्मानित किया गया. कंचन गुप्ता को नया ऑटो देने की घोषणा हुई. इस मौक पर महिला आयोग की सदस्य सुषमा साहू, किरण घई, सीता सिन्हा, रेणु कुशवाहा मौजूद थीं.
सर्वदलीय बैठक बुला पारित करे बिल : अशोक चौधरी
पटना. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह शिक्षा मंत्री डाॅ अशोक चौधरी ने केंद्र सरकार को महिला आरक्षण के मसले पर सर्वदलीय बैठक बुलाने का सुझाव दिया है. सदाकत आश्रम में गुरुवार को प्रदेश महिला कांग्रेस की ओर से मुझ में है इंदिरा विषय पर आयोजित संगोष्ठी में उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल को संसद से पास कराने को लेकर प्रदेश महिला कांग्रेस पूरे राज्य में महिलाओं के बीच जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाये.

अध्यक्षता करते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस व विधायक अमिता भूषण ने कहा कि महिला कांग्रेस की सदस्य महिलाओं को एकजुट करेंगी. दस लाख महिलाओं का हस्ताक्षर करा कर प्रधानमंत्री को भेजा जायेगा. कार्यक्रम को राजस्व व भूमि सुधार मंत्री डाॅ मदन मोहन झा, प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता सदानंद सिंह, पशुपालन व मत्स्य संसाधन मंत्री अवधेश कुमार सिंह ने भी संबोधित किया. मौके पर जयंती झा, अनिता कुमारी, प्रो वीणा कर्ण, सुधा मिश्रा मौजूद थीं.

आरक्षण पर भाजपा का बयान हास्यास्पद : नवल
पटना. जदयू के प्रदेश प्रवक्ता नवल शर्मा ने कहा कि महिला आरक्षण पर प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय का बयान हास्यास्पद है. उन्होंने कहा कि अगर भाजपा दिल से महिला आरक्षण के पक्ष में है तो फिर वह लोकसभा में इसे पेश क्यों नहीं कर रही, जहां उसका पूर्ण बहुमत है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तो खुलेआम विधेयक के समर्थन की घोषणा कर दी है. उन्होंने कहा कि भाजपा में नैतिक बल है, तो वह महिलाओं के लिए झूठे आंसू बहाने की बजाय सदन में विधेयक पेश करे.

उन्होंने कहा कि महिला विकास जैसे मुद्दों पर निसंदेह नीतीश कुमार की सोच अन्य दलों के लिए अनुकरणीय होनी चाहिए. बालिका साइकिल और पोशाक योजनाओं के जरिये नीतीश कुमार ने बिहार में महिला क्रांति का बीज बोया है. वह पंचायतों और नौकरियों में आरक्षण के जरिये बढ़ते हुए शराबबंदी के जरिये एक मुकम्मल स्वरुप ग्रहण कर चुका है.

महिलाओं के नाम पर आंसू बहा रही भाजपा
पटना : जदयू के मुख्य प्रवक्ता और विधान पार्षद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा अब महिलाओं के नाम पर आंसू बहा रही है. भाजपा बिहार की महिलाओं की जो स्थिति सुधरी है, उसका जिक्र नहीं करती है. बिहार पहला राज्य है जहां पुरुष और महिला में समानता को लागू किया गया. डॉ राममनोहर लोहिया ने कहा था कि नर और नारी एक समान. उसके अनुरूप बिहार में महिलाओं को स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण, प्राथमिक शिक्षक में 50 प्रतिशत आरक्षण के साथ-साथ अन्य सरकारी सेवाओं में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है. बिहार में शराबबंदी से यहां की महिलाएं खुश हैं और उनका जीवन स्तर भी सुधरा है.

नीतीश कुमार ने महिलाओं को आरक्षण तो दिया ही, साथ ही उनके जीवन स्तर को भी ठीक किया है. संजय सिंह ने कहा कि बिहार सरकार ने पुलिस में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिये जाने के बाद अब अन्य सभी सेवा और संवर्गों में भी महिलाओं को 35 प्रतिशित का आरक्षण दिये जाने को मंजूरी दे दी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन