नेपाली व्यवसायी केडिया अपहरण कांड : कुख्यात बबलू दूबे के भाई-बहन से भी पूछताछ
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :29 May 2016 6:22 AM (IST)
विज्ञापन

शक की सूई संतोष झा पर रक्सौल, नकरदेई, सुगौली, मोतिहारी व चकिया में छापेमारी रक्सौल/पटना : नेपाल के प्रसिद्ध व्यवसायी सुरेश केडिया के अपहरण के मामले में मोतिहारी पुलिस ने एक दर्जन संदिग्धों को उठाया है. इनसे लगातार पूछताछ की जा रही है. साथ ही कई स्थानों पर छापेमारी भी चल रही है. अभी तक […]
विज्ञापन
शक की सूई संतोष झा पर
रक्सौल, नकरदेई, सुगौली, मोतिहारी व चकिया में छापेमारी
रक्सौल/पटना : नेपाल के प्रसिद्ध व्यवसायी सुरेश केडिया के अपहरण के मामले में मोतिहारी पुलिस ने एक दर्जन संदिग्धों को उठाया है. इनसे लगातार पूछताछ की जा रही है. साथ ही कई स्थानों पर छापेमारी भी चल रही है. अभी तक आधा दर्जन से ज्यादा स्थानों पर छापेमारी हुई है.
वहीं, इस अपहरण के तार शातिर संतोष झा गिरोह से जुड़ रहे हैं. मोतिहारी पुलिस इस दिशा में काम कर रही है. जिन लोगों को उठाया गया है, उनमें बक्सर जेल में बंद शातिर बबलू दूबे के भाई डबलू दूबे व बहन भी शामिल हैं.
दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है. इसके अलावा रक्सौल विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़नेवाले धुरेंद्र कुमार को भी पुलिस ने पकड़ा है. रक्सौल से सटे लक्ष्मीपुर गांव के डीड राइटर रंजन कुमार को भी हिरासत में लिया गया है. रंजन के परिवार के एक और सदस्य से पुलिस पूछताछ कर रही है.
रंजन कुमार पिछले साल तब चर्चा में आया था, जब कॉलेज रोड निवासी मनोज सिंह पर बबलू दुबे गिरोह के सदस्यों ने गोली चलायी थी. गोली चलानेवाले अपराधियों ने बंजरिया से गिरफ्तारी के बाद कबूल किया था कि वो लोग मनोज सिंह को मारने आये थे. इसके लिए रंजन ने उन्हें कहा था. इसके अलावा पुलिस ने नकरदेई, सुगौली, मोतिहारी शहर के बेलबनवा मोहल्ला, चकिया समेत कई जगहों पर छापेमारी कर लोगों को हिरासत में लिया है. रक्सौल के प्रभारी थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि रंजन को थाने में रखा गया है, तो धुरेंद्र को पूछताछ के लिए लाया गया है.
नेपाल में वीरगंज लौटते समय हुआ था अपहरण
सुरेश केडिया का अपहरण गुरुवार की देर शाम उस समय कर लिया गया था, जब वह गढ़ी माई स्थान से पूजा करने के बाद वीरगंज लौट रहे थे. उन्हें जबरन गाड़ी से उतार लिया गया था.
केडिया के अगवा होने के बाद से नेपाल पुलिस मोतिहारी पुलिस के संपर्क में है, लेकिन 48 घंटे बीत जाने के बाद भी अब तक उनका सुराग नहीं मिला है. इस बीच शुक्रवार को इसकी जानकारी मिली थी कि अपहर्ताओं ने एक सौ करोड़ नेपाली रुपये की फिरौती मांगी है. हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस व केडिया परिवार ने नहीं की थी. वहीं, रक्सौल से लूटी गयी स्कॉर्पियो को भी इस अपहरण कांड से जोड़ कर देखा जा रहा था, जिसे सुगौली पुलिस ने बरामद किया था, लेकिन पुलिस को अभी तक इसके बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है.
एडीजी (मुख्यालय) सुनील कुमार ने बताया कि नेपाल सरकार से इस अपहरण कांड की सूचना मिलने के बाद से ही सभी सीमावर्ती जिलों के थानों को अलर्ट जारी कर दिया गया है. मामले में तुरंत छानबीन और जांच तुरंत शुरू कर दी गयी है. कई स्थानों पर पुलिस की लगातार दबिश जारी है.
पाठक नेपाल में सक्रिय
दरभंगा में सड़क निर्माण कंपनी के दो इंजीनियरों की हत्या के बाद संतोष झा गिरोह का सदस्य मुकेश पाठक नेपाल भाग गया था. पुलिस को जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक मुकेश पाठक नेपाल को अपना केंद्र बना रहा था.
हाल में वो नेपाल से ही मोतिहारी व रक्सौल के व्यापारियों से रंगदारी की मांग कर रहा था. हाल में ऐसा एक मामला सामने आया था. माना जा रहा है कि सुरेश केडिया के अपहरण में मुकेश पाठक के साथी शामिल हैं. पुलिस उसे पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है. एसपी जीतेंद्र राणा खुद इसकी निगरानी कर रहे हैं.
अपहरण में भारतीय अपराधी
सुरेश केडिया को अगवा किये जाने से नेपाल के बड़े व्यवसायी दहशत में हैं. वो सुरेश केडिया की जल्द रिहाई की मांग कर रहे हैं. इसके लिए लगातार नेपाल पुलिस पर दबाव बनाये हुए हैं. नेपाल के नारायणी अंचल के एसएसपी नारायण सिंह थापा ने बताया कि अपहरण में भारतीय अपराधियों का हाथ है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए हम मोतिहारी एसपी से संपर्क में हैं. वहां कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ हो रही है.
कौन है सुरेश केडया
रक्सौल. सुरेश केडिया के पिता हीरालाल केडिया हैं. केडिया ग्रुप का कारोबार नेपाल से लेकर भारत तक फैला हुआ है. सुरेश चार भाइयों में दूसरे नंबर के हैं. उनके बड़े भाई दिल्ली में रहते हैं, जिनका देहरादून के आसपास एल्युमिनियम फैक्ट्ररी है. केडिया परिवार मूलत: राजस्थान का रहनेवाला है.
चार पीढ़ी पहले इनके पूर्वज नेपाल गल्ला के कारोबार के सिलसिले में आये थे, जो इतना जमा कि वे यहीं के होकर रह गये. हीरालाल केडिया का वीरगंज में आइ हॉस्पिटल व मेडिकल कॉलेज है. सुरेश केडिया का वीरगंज में मैदा व आटा का कारखाना है. उनसे छोटे भाई राजेश केडिया शुगर मिल चलाते हैं, जबकि इनके सबसे छोटे भाई सद्भावना पार्टी के नामित सांसद हैं. इसके अलावा केडिया ग्रुप के नेपाल के कई शहरों में स्कूल हैं. सुरेश केडिया के पिता हीरालाल की नेपाल में अलग पहचान है. परिवार को जाननेवाले बताते हैं कि केडिया ग्रुप की संपत्ति नेपाल के लगभग हर शहर में है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




