बड़ा खुलासा : पटना में मकान खरीद कर आतंकवादी ऑपरेशन सेंटर चलाने की थी योजना, दो बौद्ध स्थल थे इनके निशाने पर
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :27 Mar 2019 7:47 AM (IST)
विज्ञापन

गिरफ्तार बांग्लादेशी आतंकियों ने पूछताछ में किया खुलासा पटना : पटना जंक्शन के पास से सोमवार को गिरफ्तार दो बांग्लादेशी आतंकी खैरूल मंडल और अबु सुल्तान से सुरक्षा एजेंसियों की पूछताछ जारी है. एनआइए और राज्य एटीएस की संयुक्त पूछताछ में कई सनसनीखेज खुलासे हुए हैं. ये दोनों पटना के किसी बाहरी और बेहद सामान्य […]
विज्ञापन
गिरफ्तार बांग्लादेशी आतंकियों ने पूछताछ में किया खुलासा
पटना : पटना जंक्शन के पास से सोमवार को गिरफ्तार दो बांग्लादेशी आतंकी खैरूल मंडल और अबु सुल्तान से सुरक्षा एजेंसियों की पूछताछ जारी है. एनआइए और राज्य एटीएस की संयुक्त पूछताछ में कई सनसनीखेज खुलासे हुए हैं. ये दोनों पटना के किसी बाहरी और बेहद सामान्य इलाके में एक छोटा मकान खरीदने के फिराक में थे, ताकि इसे ये अपने ठहरने के स्थल और आतंकी ऑपरेशन सेंटर के रूप में इस्तेमाल कर सके.
यह घर ये लोग फर्जी नाम और पता के आधार पर ही खरीदना चाहते थे. उन्होंने बांग्लादेश से अपने दो साथी आतंकियों को अवैध तरीके से यहां बुलाने की सेटिंग तक कर ली थी. घर लेने के बाद इनका मुख्य धंधा अपने लोगों का फर्जी आइडी प्रूफ बनवाना और उन्हें स्थानीय स्तर पर छोटी-मोटी नौकरी दिलाना होता. इससे पहले भी ये लोग पटना का चक्कर लगा चुके थे और उस दौरान भी पटना जंक्शन स्थित इसी मदनी मुसाफिरखाने में ही आकर रुके थे.
ये लोग ठहरने के लिए किसी होटल या लॉज का उपयोग नहीं करते थे, क्योंकि होटलों में सीसीटीवी कैमरे लगे रहते हैं और ठहरने के लिए फोटो आइडी प्रूफ चाहिए. इससे बचने के लिए ये लोग मुसाफिरखाना या धर्मशाला का उपयोग करते थे. होटलों के कैमरे में इनकी तस्वीरें कैद न हो जाएं, इसका खासतौर से ध्यान रखते थे.
पटना जंक्शन से किया गया था िगरफ्तार, एनआइए व एटीएस की पूछताछ जारी
दो बौद्ध स्थल थे इनके निशाने पर
जांच में यह बात भी सामने आयी है कि उन्होंने बिहार के कई बौद्ध स्थलों की अच्छे से रेकी की थी. इनमें सबसे ज्यादा रेकी उन्होंने बोधगया के महाबोधि मंदिर की थी.
इनकी योजना महाबोधि मंदिर के अलावा एक अन्य बौद्ध स्थल पर सीरियल ब्लास्ट करने की थी. इन आतंकियों के संगठन जमात-उल-मुजाहिद्दीन ने कुछ साल पहले भी बोधगया में सीरियल बम ब्लास्ट करने की योजना बनायी थी, लेकिन वह फेल हो गयी थी. धमाके के पहले ही सभी बम पकड़े गये थे. इस बार इनकी योजना फूलप्रूफ थी, ताकि धमाका हर हाल में सफल हो सके. इन लोगों ने बिहार में गया, पटना के अलावा भी कुछ अन्य शहरों में ट्रैवेल किया है. राज्य में कुछ स्थानों पर इनके स्लीपर सेल के मौजूद होने की भी सूचना मिली है. फिलहाल इन तमाम पहलुओं पर गहन जांच चल रही है.
हवाला और वेस्टर्न यूनियन से पैसे आते थे इन तक : तीन महीने से ज्यादा समय से ये भारत में थे. हालांकि, इन पर खुफिया एजेंसियों की लगातार नजर बनी हुई थी. इस दौरान उन्होंने कई शहरों का दौरा किया और कई लोगों से मुलाकात की. उन सभी लोगों के डिटेल निकाले जा रहे हैं. ये लोग नादिया (पश्चिम बंगाल), सिलीगुड़ी, केरल, हैदराबाद, मुंबई, पुणे, दिल्ली, गया और पटना जा चुके हैं. नादिया जिले में इनके कुछ लोगों के छिपे होने की आशंका सबसे ज्यादा जतायी जा रही है.
इनके घूमने, ठहरने और खाने के पैसे इन तक हवाला और वेस्टर्न मनी ट्रांसफर के जरिये बाहर से पहुंचते थे. इनके टेरर फंडिंग से जुड़े पूरे नेटवर्क की भी जांच गहनता से चल रही है, ताकि पूरे नेटवर्क को ब्रेक किया जा सके. इसके कुछ बेहद अहम सुराग जांच एजेंसियों को मिले हैं.
आतंकियों के रिमांड के आवेदन पर नहीं हुई सुनवाई, आज मिल सकता है रिमांड
न्यायालय संवाददाता, पटना. इन दो आतंकियों को रिमांड पर लेने के आवेदन पर मंगलवार को कोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकी. पूरी संभावना है कि बुधवार को एटीएस को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की अनुमति मिल जाये.
एटीएस के विशेष जज शचि मिश्रा के अवकाश के कारण उनके प्रभार में सब जज-7 ओमप्रकाश की अदालत में आवेदन को संचालित किया गया, लेकिन अदालत ने अभियुक्तों के खिलाफ आरोप की विस्तृत विवरणी एटीएस द्वारा प्रस्तुत नहीं किये जाने के कारण आवेदन पर सुनवाई स्थगित कर दी. मालूम हो कि एटीएस ने दोनों को 15 दिनों के लिए पुलिस रिमांड पर लेने का आवेदन दे रखा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




