Patna Student Protest: डाकबंगला चौराहे पर डटे छात्र, समझाने पहुंचे DM-SSP, भारी पुलिस बल के साथ CRPF और BSF तैनात

Updated:
विज्ञापन
पटना में छात्र प्रदर्शन: डाकबंगला चौराहे पर तनाव

स्थिति संभालने उतरे पटना डीएम और एसएसपी

Patna Student Protest: पटना के डाकबंगला चौराहे पर नीट पेपर लीक के विरोध में आइसा का प्रदर्शन जारी है. जेपी गोलंबर पर लाठीचार्ज और वाटर कैनन के बावजूद छात्र जिद पर अड़े हैं. मौके पर पटना DM और SSP के साथ बिहार पुलिस, CRPF और BSF के जवान तैनात हैं और छात्रों को समझाने में जुटे हैं.

विज्ञापन

Patna Student Protest: पटना के डाकबंगला चौराहे पर माहौल नाजुक बना हुआ है. नीट पेपर लीक, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के बैनर तले निकाला गया लोकभवन मार्च उग्र रूप ले चुका है.

प्रदर्शनकारी छात्र डाकबंगला चौराहे पर डटे हुए हैं और लगातार सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं. मौके की गंभीरता को देखते हुए पटना के डीएम और एसएसपी खुद मोर्चे पर मौजूद हैं.

उनके साथ बिहार पुलिस, CRPF और BSF के जवान तैनात हैं. वरिष्ठ अधिकारी छात्रों को लगातार समझाने और आंदोलन खत्म करने की अपील कर रहे हैं, लेकिन छात्र अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं और पीछे हटने को तैयार नहीं हैं.

गांधी मैदान से शुरू हुआ प्रदर्शन, पुलिस ने जेपी गोलंबर पर रोका

इस विरोध प्रदर्शन की शुरुआत बुधवार को गांधी मैदान के गेट से हुई, जहां पटना विश्वविद्यालय समेत बिहार के विभिन्न कॉलेजों व विश्वविद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं एकत्र हुए थे. छात्र लोकभवन की ओर मार्च निकालने के लिए जैसे ही आगे बढ़े, पुलिस ने गांधी मैदान और जेपी गोलंबर के पास मजबूत बैरिकेडिंग कर दी.

प्रशासन ने छात्रों को आगे बढ़ने से मना करते हुए वापस लौटने के लिए कहा, लेकिन आक्रोशित छात्र बैरिकेड्स हटाकर जबरन आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे.

वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज से भड़का प्रदर्शन

जब छात्र बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने लगे तो स्थिति बेकाबू हो गई और पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई. हालात संभालने के लिए पुलिस ने सबसे पहले वाटर कैनन का प्रयोग किया.

इसके बावजूद जब छात्र पीछे नहीं हटे, तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ने की कोशिश की. इस कार्रवाई के बाद छात्रों का गुस्सा और बढ़ गया और वे आगे बढ़ते हुए डाकबंगला चौराहे पर जमा हो गए.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

छात्रों के गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

आइसा के पदाधिकारियों और प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि वे नीट पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त सजा और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार खत्म करने की मांग को लेकर पूरी तरह शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे.

छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उनकी जायज आवाज को दबाने के लिए बल प्रयोग किया. वहीं पुलिस प्रशासन का तर्क है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा घेरा टूटने से रोकने के लिए यह कदम उठाना पड़ा. फिलहाल डाकबंगला चौराहे पर गतिरोध जारी है और सुरक्षा बल अलर्ट मोड पर हैं.

इसे भी पढ़ें: Patna Student Protest : पटना में पुलिस ने छात्रों पर किया लाठीचार्ज, प्रदर्शन में IG की एस्कॉर्ट गाड़ी पर हमला, शीशे तोड़े


विज्ञापन
परितोष शाही

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन