ePaper

पटना वकील हत्याकांड: पांच साल बाद सास-ससुर शिवहर से गिरफ्तार, हाइकोर्ट के रास्ते में मारी गयी थी गोली

Updated at : 14 Jan 2024 10:39 PM (IST)
विज्ञापन
पटना वकील हत्याकांड: पांच साल बाद सास-ससुर शिवहर से गिरफ्तार, हाइकोर्ट के रास्ते में मारी गयी थी गोली

दोनों को शिवहर जिले के तरियानी, छपरा वार्ड नंबर चार स्थित घर से गिरफ्तार किया है. दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हाइकोर्ट के वकील हत्याकांड मामले में फरार सास-ससुर अपने घर पर है. सूचना के बाद पुलिस ने टीम बनाकर छापेमारी की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया.

विज्ञापन

पटना. पटना हाइकोर्ट के वकील जितेंद्र कुमार की हत्या के मामले में फरार चल रहे ससुर कृष्णा सिंह और सास लक्ष्मी देवी को शास्त्रीनगर थाने की पुलिस ने शिवहर से गिरफ्तार कर लिया है. दोनों को शिवहर जिले के तरियानी, छपरा वार्ड नंबर चार स्थित घर से गिरफ्तार किया है. दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हाइकोर्ट के वकील हत्याकांड मामले में फरार सास-ससुर अपने घर पर है. सूचना के बाद पुलिस ने टीम बनाकर छापेमारी की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया.

पांच दिसंबर, 2018 काे हुई थी हत्या

मालूम हो कि पांच दिसंबर, 2018 काे शास्त्रीनगर थाना इलाके में जल पर्षद के पास जितेंद्र की अपराधियाें ने उस वक्त गाेली मार कर हत्या कर दी थी, जब वह बाइक से हाइकाेर्ट आ रहे थे. जितेंद्र की हत्या के बाद पटना हाइकाेर्ट के वकीलाें ने हाईकाेर्ट के सामने बेली राेड काे जाम कर हंगामा व नारेबाजी थी.

मुख्य न्यायाधीश ने तत्कालीन एसएसपी व सिटी एसपी को किया था तलब

वकीलों की हत्या के बाद मामले का संज्ञान लेते हुए हाइकोर्ट के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश ने तत्कालीन एसएसपी व सिटी एसपी को तलब किया था. शास्त्रीनगर थानेदार धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में नौ नामजद थे, जबकि जांच में सात और लाेगाें के नाम आये थे. अब तक 15 काे गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. जितेंद्र का साला मिथुन कुमार अभी फरार चल रहा है.

संपत्ति हड़पने को लेकर की गयी थी हत्या

जितेंद्र के भाई राज कुमार के फर्द बयान पर शास्त्रीनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी. उन्हाेंने संपत्ति हड़पने काे लेकर हत्या होने का बयान दिया था. राज कुमार ने जितेंद्र की पत्नी नीतू सिंह, नीतू के भाई मिथुन कुमार, मां लक्ष्मी देवी, पिता कृष्णा सिंह के अलावा राकेश कुमार उर्फ बबलू, रितेश कुमार उर्फ बिट्टू, रूपेश कुमार, सुप्रिया देवी, माे. ताजुद्दीन काे नामजद आरोपित बनाया था.

Also Read: बिहार: नीलेश मुखिया हत्याकांड का मुख्य आरोपी झारखंड से गिरफ्तार, 25 लाख की सुपारी देकर करायी थी हत्या

पत्नी को लिया गया था सबसे पहले हिरासत में

घटना के संबंध में बताया जाता है कि दिनदहाड़े शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के राजवंशीनगर स्थित जल परिषद के पास स्कूटर से हाईकोर्ट जा रहे अधिवक्ता जितेन्द्र कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें राजवंशीनगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने इस मामले में उनकी पत्नी और खगौल के वार्ड पार्षद समेत चार को पुलिस ने हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है. बताया जा रहा है कि 20 करोड़ की संपत्ति के लिए वकील की हत्या कर दी गई.

प्रारंभिक जांच में सामने आयी भूमि विवाद की बात

शास्त्रीनगर थाने के तत्कालीन थानेदार निहार भूषण के अनुसार प्रारंभिक जांच में भूमि विवाद की बात सामने आयी. जितेन्द्र के बड़े भाई राजकुमार ने अधिवक्ता की पत्नी, साले सहित नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया. देर शाम पत्नी सहित चार नामजद अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की एक टीम मुजफ्फरपुर भी भेजी गई है.

अलगाव के बाद पत्नी रहती है मायके में

खगौल के मोतीचौक निवासी जितेन्द्र कुमार हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं. जितेन्द्र समेत तीन भाई हैं. बड़े भाई राजकुमार होम्योपैथ डॉक्टर हैं. छोटा भाई संतोष है. जितेन्द्र पिछले कई सालों से अपने बड़े भाई राजकुमार और उनके परिवार के साथ ही राजीवनगर थाना क्षेत्र की मजिस्ट्रेट कॉलोनी की गुरु सहाय लेन में किराए के मकान में रहते थे. जितेन्द्र की पत्नी नीतू सिंह 2007 से ही बेटी रुचि के साथ मुजफ्फरपुर के बनारस बैंक की यदुपति गली में अपने मायके में रहती हैं. नीतू ने अपने पति पर प्रताडऩा का केस दर्ज कराया था, तब से दोनों अलग रहते हैं.

सीनियर अधिवक्ता को लेने गए थे पुनाईचक

बड़े भाई राजकुमार ने बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे जितेन्द्र अपने स्कूटर से किसी काम से राजा बाजार के खाजपुरा स्थित बड़े भाई के क्लीनिक गए थे. बीस मिनट बाद वहां से हाईकोर्ट जाने के लिए निकले. रास्ते में वह रोज की तरह पुनाईचक में रहने वाले अपने सीनियर अधिवक्ता हरिशंकर राय को लेने जा रहे थे. राजवंशी नगर के जल पर्षद कार्यालय के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से किसी ने उनकी पीठ में गोली मार दी. गोली लगते ही वह वहीं गिर पड़े. एक राहगीर ने गोली की आवाज सुनी और मौके पर पहुंच गया। तब उनकी सांसें चल रही थीं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन