ePaper

बिहार में गिरी महागठबंधन की सरकार, नीतीश कुमार ने राज्यपाल को सौंपा अपना इस्तीफा

Updated at : 28 Jan 2024 11:16 AM (IST)
विज्ञापन
बिहार में गिरी महागठबंधन की सरकार, नीतीश कुमार ने राज्यपाल को सौंपा अपना इस्तीफा

Bihar Political Crisis: बिहार में सत्ता का संग्राम एकबार फिर से छिड़ा हुआ है. जदयू महागठबंधन से अलग होकर फिर एकबार एनडीए के साथ सरकार बनाने जा रही है. इधर नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मुलाकात करके अपना इस्तीफा सौंपा है. जबकि BJP के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े देर रात राजभवन पहुंचे थे.

विज्ञापन

Bihar Political Crisis: बिहार में सियासी घमासान के बीच अब सत्ता परिवर्तन होने जा रहा है. जदयू ने विधायक दल की बैठक रविवार को दिन में 10 बजे हुई और इस बैठक में इस सत्ता परिवर्तन के फैसले पर मुहर लगा दी गयी. भाजपा और जदयू दोनों दलों के विधायक दल की साझा बैठक होगी जिसमें नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना जाएगा. बिहार में इस सियासी उबाल के बीच सभी दलें अपनी-अपनी तैयारी में जुटी रही. इस बीच भाजपा के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े शनिवार की देर शाम राजभवन पहुंचे और राज्यपाल डॉ विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की. वहीं जानकारी के अनुसार, सीएम नीतीश कुमार ने भी राज्यपाल से मुलाकात का समय मांगा है. रविवार की सुबह मुख्यमंत्री राजभवन पहुंचे और अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपा.

नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मुलाकात का मांगा था समय!

समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल से रविवार की सुबह मुलाकात का समय मांगा था. इसे सियासी उलटफेर प्रकरण से जोड़कर ही देखा जा रहा था. बिहार में महागठबंधन की सरकार पर ग्रहण लग चुका है और अब यह तय हो चुका है कि जदयू महागठबंधन से अलग हो चुकी है. फिर एकबार सूबे में एनडीए की सत्ता लौटेगी. नीतीश कुमार ही सरकार में मुखिया बनेंगे. रविवार को ही नीतीश कुमार भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाएंगे. उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है.


Also Read: Bihar Politics: बिहार में आज फिर बदलेगी सत्ता, एनडीए सरकार में मुख्यमंत्री बनेंगे नीतीश कुमार
राज्यपाल से मिले भाजपा के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े

बिहार में सियासी उथल-पुथल के बीच भाजपा के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े देर शाम राजभवन पहुंचे और राज्यपाल डॉ विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की. भाजपा नेताओं के मुताबिक यह सामान्य शिष्टाचार मुलाकात थी, लेकिन वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति को देखते हुए इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है. मालूम हो कि भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में सभी सदस्यों से कागजात पर हस्ताक्षर कराया गया था. माना जा रहा है कि इसके आधार पर समर्थन की चिट्ठी तैयार की गयी है, जिसे राज्यपाल को सौंपा जाना है. हालांकि,जानकारों के अनुसार एनडीए सरकार बनाये जाने की स्थिति में एनडीए के सभी दलों के समर्थन का पत्र राज्यपाल को एक साथ सौंपा जायेगा.

बिहार में सियासी उबाल, नयी सरकार में हम पार्टी भी रहेगी

बता दें कि बीते गुरुवार से ही बिहार में सियासी उबाल है. सियासी उलटफेर को लेकर कयासों के दौर ही चलते रहे. किसी भी दल की ओर से ये साफ बयान नहीं दिया गया कि बिहार में सरकार बदलने वाली है. हालांकि मुलाकातों और बैठकों का दौर चलता रहा. शनिवार को महागठबंधन के घटक दलों के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गयी. अलग-अलग बैठकों ने ये साफ कर दिया कि अब सरकार फिर एकबार संकट में है. मिली जानकारी के अनुसार, नयी सरकार में पूर्व सीएम जीतन राम मांझी की पार्टी हम भी शामिल होगी. हम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन ने इसकी पुष्टि कर दी है. बता दें कि विधानसभा में हम पार्टी के चार विधायक हैं. पार्टी प्रवक्ता ने दो मंत्री पद की मांग की है. शनिवार की देर शाम चारो विधायकों के साथ पार्टी ने अहम बैठक की.

विज्ञापन
ThakurShaktilochan Sandilya

लेखक के बारे में

By ThakurShaktilochan Sandilya

डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन