मोतिहारी में NIA की छापेमारी, ट्रैवल एजेंट से एक घंटे पूछताछ; मोबाइल जब्त, पटना बुलाया गया

Updated:
विज्ञापन
NIA की प्रतीकात्मक तस्वीर

NIA की प्रतीकात्मक तस्वीर

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने कंबोडिया से जुड़े मानव तस्करी मामले में पूर्वी चंपारण के फेनहारा में बड़ी कार्रवाई की है. NIA टीम ने ट्रैवल एजेंट कलामुद्दीन के घर पर छापेमारी कर पूछताछ की और उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया.

विज्ञापन

मोतिहारी से शशि चंद्र तिवारी व नफीसुर्रहमान की रिपोर्ट

Cambodia Human Trafficking: कंबोडिया से जुड़े कथित मानव तस्करी मामले की जांच के सिलसिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मंगलवार को पूर्वी चंपारण जिले के फेनहारा थाना क्षेत्र के कालूपाकड़ गांव में बड़ी कार्रवाई की. टीम ने ट्रैवल एजेंट कलामुद्दीन के घर छापेमारी कर करीब एक घंटे तक पूछताछ की. इस दौरान उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया और आगे की जांच के लिए उसे पटना बुलाया गया है.

घर की सघन तलाशी, मोबाइल जब्त

जानकारी के अनुसार, एनआईए की टीम ने कलामुद्दीन के घर के कोने-कोने की तलाशी ली. पूछताछ के दौरान विदेश भेजे गए लोगों, यात्रा से जुड़े दस्तावेजों और पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई.

सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी ने कलामुद्दीन का मोबाइल फोन भी जब्त किया है. अब मोबाइल के डाटा की जांच कर उसके संपर्कों, लेन-देन और विदेश भेजे गए लोगों से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की जाएगी.

दिल्ली में करता है ट्रैवल एजेंसी का काम

बताया गया है कि कालूपाकड़ निवासी 35 वर्षीय कलामुद्दीन, पिता मो. यासीन, वर्तमान में दिल्ली में रहकर हवाई टिकट बुकिंग और लोगों को विदेश भेजने का काम करता है.

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विदेश भेजे गए लोगों की प्रक्रिया में उसकी क्या भूमिका रही और कहीं उसका किसी मानव तस्करी गिरोह या संदिग्ध नेटवर्क से कोई संबंध तो नहीं है.

स्थानीय पुलिस भी रही मौजूद

करीब एक घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान फेनहारा थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही. थानाध्यक्ष रजनीश कुमार पुलिस बल के साथ एनआईए टीम को सुरक्षा और अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान करते रहे.

डीएसपी ने की कार्रवाई की पुष्टि

पकड़ीदयाल डीएसपी कुमार चंदन ने एनआईए की कार्रवाई की पुष्टि की है.

हालांकि, एनआईए ने अभी तक मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. एजेंसी का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होगी और क्या ट्रैवल एजेंट का किसी अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी नेटवर्क से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध है.


विज्ञापन
Aaruni Thakur

लेखक के बारे में

By Aaruni Thakur

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन