नवादा: एक ही घर में ब्याही दो बहनों के बीच विवाद, मारपीट में गर्भवती महिला समेत तीन घायल
सांकेतिक तस्वीर
बिहार के सिरदला थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद मारपीट की घटना हुई, जिसमें एक ही घर में ब्याही दो बहनें और आठ माह की गर्भवती महिला घायल हो गईं. घायलों को इलाज के लिए पीएचसी सिरदला पहुंचाया गया है.
Nawada News: सिरदला थाना क्षेत्र के नीचे बाजार में कब्रिस्तान के पास रविवार को मामूली बात को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट की घटना हुई. घटना में एक ही घर में ब्याही दो बहनों और एक आठ माह की गर्भवती महिला समेत तीन महिलाएं घायल हो गयीं. सूचना मिलने पर सिरदला पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिरदला पहुंचाया.
आठ माह की गर्भवती महिला ने लात मारने का लगाया आरोप
घायल शबाना खातून, पति मो. सनउर आलम, जो आठ माह की गर्भवती हैं, ने आरोप लगाया कि ताना मारने के बाद विवाद बढ़ गया और उन्हें लात से मारा गया, जिससे उन्हें चोट लगी. वहीं, सजरा खातून, पति मोहम्मद तसौवर साह, ने आरोप लगाया कि उनके साथ कई लोगों ने मारपीट की. उन्होंने करीब सात लोगों पर मिलकर मारपीट करने का आरोप लगाया.
तीसरी घटना होने का नाजरा खातून ने किया दावा
तीसरी घायल नाजरा खातून, पति मोहम्मद मुमताज, ने आरोप लगाया कि उनके तीन बेटों और पति ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की. उन्होंने दावा किया कि उनके साथ मारपीट की यह तीसरी घटना है. नाजरा ने अपनी आठ माह की गर्भवती बेटी के साथ भी मारपीट किये जाने का आरोप लगाया.
एक ही घर में हुई है दोनों बहनों की शादी
बताया गया कि घायल दोनों महिलाएं आपस में बहनें हैं और उनकी शादी एक ही घर में हुई है. उनका ससुराल और मायका भी इसी घर में है. मामूली कहासुनी के बाद विवाद बढ़ने से परिवार में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी.
डायल-112 की टीम ने घायलों को पहुंचाया पीएचसी
घटना की सूचना मिलते ही सिरदला पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची. टीम में अस्तूरण देवी, चालक खुर्शीद आलम और सिपाही नम्रता कुमार शामिल थे. टीम ने तीनों घायलों को पीएचसी सिरदला पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार सुमन ने उनका प्राथमिक उपचार किया.
आवेदन मिलने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, लेकिन किसी भी पक्ष से अभी तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए