Nawada News : जंधौल गांव में बाइक चोरी के अड्डे पर छापा, कुख्यात शंकर गिरफ्तार
Published by : PANCHDEV KUMAR Updated At : 03 Sep 2025 10:47 PM
विज्ञापन
कार्रवाई.देर रात दबिश में कई बाइकें और पार्ट्स बरामद, आरोपित पर दर्जन भर मामले
विज्ञापन
नवादा कार्यालय.
जिले की सिरदला पुलिस ने मंगलवार की देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. लंबे समय से सक्रिय बाइक चोरी और उसके पार्ट्स की अवैध बिक्री करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मौके से गिरोह के कुख्यात सरगना को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गये आरोपित की पहचान जंधौल निवासी महेंद्र चौधरी के पुत्र शंकर चौधरी के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष संगीता कुमारी ने बताया कि बीते कई दिनों से जंधौल गांव के एक घर से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी. ग्रामीणों ने रात में लगातार ठक-ठक और खट-पिट की आवाज आने की शिकायत की थी. गुप्त सूचना की पुष्टि के बाद एक विशेष छापेमारी टीम गठित कर कार्रवाई की गयी. पुलिस टीम ने जैसे ही संदिग्ध घर में दबिश दी, अंदर का नजारा देख सभी हैरान रह गये. कई बाइकें आधी खुली हालत में पड़ी थीं और उनके पार्ट्स अलग किये जा रहे थे. पुलिस को देखते ही आरोपित भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे मौके पर ही धर दबोचा. जांच में पता चला कि गिरफ्तार आरोपित इलाके का कुख्यात शराब धंधेबाज और अपराध जगत का जाना-पहचाना नाम शंकर चौधरी है. पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि उसके खिलाफ केवल सिरदला थाने में ही करीब दर्जन भर मामले दर्ज हैं. उसकी गिरफ्तारी को पुलिस ने बड़ी उपलब्धि बताया है, क्योंकि वह लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था. मौके से बंगाल नंबर की एक बाइक, एक खुली स्प्लेंडर बाइक और कई अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों के पार्ट्स बरामद किये गये. बरामदगी के आधार पर चोरी और अवैध कारोबार से जुड़ी कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर शंकर चौधरी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इस छापेमारी में थानाध्यक्ष संगीता कुमारी, एएसआइ जितेंद्र कुमार मिश्रा तथा जिला बल के कई जवान शामिल रहे. स्थानीय लोगों ने सिरदला पुलिस की इस सफलता की सराहना करते हुए कहा कि अब बाइक चोरी की घटनाओं पर रोक लगेगी. पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के लिए साफ संदेश है कि अपराध कितना भी गहरा क्यों न हो, कानून की पकड़ से बचना नामुमकिन है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










