स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी तेज, रजौली में परेड का पूर्वाभ्यास जारी
इंटर विद्यालय के मैदान में मौजूद प्रशिक्षक व छात्राएं
Nawada News : रजौली इंटर विद्यालय के मैदान में 15 अगस्त की तैयारी जोरों पर है. 12 स्कूलों के 200 से अधिक छात्र-छात्राएं परेड का पूर्वाभ्यास कर रहे हैं.
Nawada News : 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य बनाने की तैयारी रजौली में तेज हो गई है. रजौली इंटर विद्यालय के मैदान में मंगलवार से शुरू हुआ परेड का पूर्वाभ्यास बुधवार को भी जारी रहा. कड़ी धूप के बावजूद दर्जनों छात्र-छात्राएं अनुशासन और देशभक्ति के जज्बे के साथ कदम से कदम मिलाकर परेड करते नजर आए. एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन के निर्देश पर आयोजित यह पूर्वाभ्यास 13 अगस्त तक चलेगा. अंतिम दिन 13 अगस्त को एसडीओ और एसडीपीओ संयुक्त रूप से पूरे परेड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लेंगे.
अनुशासन और समन्वय पर विशेष फोकस
पूर्वाभ्यास की कमान सेवानिवृत्त प्राचार्य अनिल कुमार, प्रशिक्षक संजीव रंजन और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डन रेखा कुमारी संभाल रही हैं. तीनों प्रशिक्षक बच्चों को मार्च-पास्ट, सलामी और कदमताल के बारीक गुर सिखा रहे हैं. इसका उद्देश्य 15 अगस्त को होने वाले मुख्य समारोह में रजौली की परेड को बेहतर और आकर्षक बनाना है.
12 विद्यालयों के 200 से अधिक बच्चे ले रहे हिस्सा
पूर्वाभ्यास में रजौली क्षेत्र के 12 विद्यालयों के 200 से अधिक छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं. इनमें इंटर विद्यालय रजौली, प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, कन्या मध्य विद्यालय, राजकीय मध्य विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, उत्क्रमित मध्य विद्यालय घसियाडीह, अंबेडकर आवासीय बालक विद्यालय, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, डीएवी स्कूल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय चिरैला, साउथ सिटी इंटरनेशनल स्कूल और संत जोसेफ स्कूल शामिल हैं.
Also Read : नवादा: शिक्षिका के घर से चोरी में शेखपुरा का युवक गिरफ्तार, किराये के कमरे से बरामद हुए जेवरात
राष्ट्रगान और ड्रम की धुन से गूंजा मैदान
पूर्वाभ्यास के दौरान मैदान का माहौल देशभक्तिमय हो गया. प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय की छात्राओं ने एक स्वर में राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया. वहीं सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय धुन पर ड्रम बजाकर सबका ध्यान आकर्षित किया. ड्रम की थाप पर बच्चों के कदम और भी चुस्त नजर आए.
शिक्षकों ने बढ़ाया बच्चों का हौसला
मौके पर शिक्षिका रश्मि रानी, अरविंद कुमार सहित सभी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे और बच्चों का उत्साह बढ़ाया. अधिकारियों का मानना है कि बच्चों की मेहनत, अनुशासन और बेहतर तालमेल से इस बार का स्वतंत्रता दिवस समारोह रजौली के लिए यादगार बन सकता है.
Also Read : नवादा: दो दिनों में ठनके से गयीं छह लोगों की गयी जान, बच्चों के सिर से उठ गया पिता का साया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










