नवादा में प्रोफेसर हिट एंड रन मामले की सघन जांच शुरू, स्कूल वैन का बीमा 2021 से समाप्त होने का दावा
लोगों से पूछताछ करते ट्रैफिक पुलिस अधिकारी
Nawada News : हिसुआ में प्रोफेसर की जान लेने वाली स्कूल वैन का बीमा 2021 से फेल था. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
Nawada News : हिसुआ में आठ दिन पहले 11 अगस्त को प्रोफेसर अरविंद कुमार के साथ हुए हिट एंड रन मामले की सघन जांच शुरू हो गई है. मामले की जांच ट्रैफिक पुलिस को सौंपी गई है. ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी सीसीटीवी फुटेज खंगालने और लोगों से पूछताछ करने के लिए हिसुआ पहुंचे. टीम ने घटनास्थल सहित विभिन्न बिंदुओं पर जांच-पड़ताल की.
वाहन का बीमा 2021 से समाप्त होने की बात आई सामने
जांच के दौरान वाहन से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की बात कही गई है. प्रारंभिक जांच में पता चला कि संबंधित वाहन का बीमा वर्ष 2021 से समाप्त था. वाहन जमुई जिले में निबंधित बताया जा रहा है. हालांकि, इसे हिसुआ में संचालित किया जा रहा था. बताया गया कि पीले रंग की विंगर वैन हिसुआ के न्यू कॉलोनी स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से जुड़ी थी. वाहन का उपयोग बच्चों को स्कूल लाने और घर पहुंचाने के लिए किए जाने की बात सामने आई है. मामले में वाहन के संचालन और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
Also Read : औरंगाबाद में चार वर्षों से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे 300 परिवार, 19 अगस्त को प्रखंड कार्यालय पर धरना
रॉन्ग साइड से आकर प्रोफेसर को मारी थी टक्कर
बताया जाता है कि 11 अगस्त को हिसुआ-राजगीर रोड पर तुलसी आहर, हनुमान नगर के समीप दिलीप दशरथ महिला कॉलेज के अधेड़ अंग्रेजी के प्रोफेसर अरविंद कुमार को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी थी. इस हादसे में उनकी मौत हो गई थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अरविंद कुमार अपने भतीजे विवेक कुमार के साथ दुकान खोलने जा रहे थे. इसी दौरान राजगीर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पीले रंग की विंगर स्कूली वैन ने ओवरटेक करने के दौरान रॉन्ग साइड से आकर उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि अरविंद कुमार करीब 10 फीट दूर जा गिरे. हादसे के बाद चालक वैन लेकर मौके से फरार हो गया. हालांकि, वहां मौजूद लोगों ने वाहन का नंबर और अन्य जानकारी अपने मोबाइल में कैद कर ली थी.
Also Read : देव भूमि आरोग्य ट्रस्ट ने मनाया सावन उत्सव, खुशबू बनीं सावन क्वीन
विश्वशांति चौक पर वाहन खड़ा कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला था. बताया जाता है कि उसने विश्वशांति चौक पर वाहन खड़ा कर दिया और वहां से फरार हो गया. घटना का पूरा घटनाक्रम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात कही जा रही है. ट्रैफिक पुलिस की टीम ने मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए. साथ ही दुर्घटना से जुड़े तकनीकी पहलुओं की भी जांच की गई.

थाना की जीपीएस मशीन से भी की गई जांच
प्रभार में रहे थानाध्यक्ष परदेशी कुमार ने बताया कि मामले की जांच थाना की जीपीएस मशीन से भी की गई है. हिसुआ थाना द्वारा प्रारंभिक जांच और प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले को आगे की जांच के लिए ट्रैफिक पुलिस को सौंप दिया गया है. उन्होंने बताया कि मामले में सघन जांच-पड़ताल जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना से जुड़े सभी तथ्यों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी. इधर, स्थानीय लोगों ने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
Also Read : संत रविदास की 650वीं जयंती की तैयारियों की समीक्षा, जिला से पंचायत स्तर तक निकलेगी कलश यात्रा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









