नवादा: रजौली बस स्टैंड पर चार साल से जलजमाव, एनएचएआई की लापरवाही से दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट

Author Kr manish dev|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन
रजौली बस स्टैंड पर 4 साल से जलजमाव,एनएचएआई और रखरखाव कंपनी की लापरवाही से दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट

बाईपास के समीप में लगा लोहे का एंगल | Prabhat Khabar Network

Nawada News: नवादा के सिरदला बस स्टैंड पर चार वर्षों से हर बारिश में घुटने-घुटने पानी भर जाता है. एनएचएआई की लापरवाही और रखरखाव कंपनी की अनदेखी के कारण दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट आ गया है. स्थानीय लोगों ने इसे 'स्विमिंग पूल' कहना शुरू कर दिया है.

विज्ञापन

Nawada News: नवादा जिले के रजौली मुख्यालय स्थित एनएच-20 के सर्विस लेन के बगल में एसएच-70 पर स्थित सिरदला बस स्टैंड आज जलजमाव का केंद्र बन गया है. पिछले चार वर्षों से हर बारिश में यहां घुटने-घुटने पानी भर जाता है. इसका खामियाजा बस स्टैंड के आसपास के दर्जनों दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है. दुकानदारों का आरोप है कि एनएचएआई द्वारा सर्विस रोड निर्माण में बरती गई अनियमितता और रखरखाव कंपनी की घोर लापरवाही के कारण उनकी रोजी-रोटी चौपट हो गई है.

खानापूर्ति से बना स्विमिंग पूल

चांदसी दवाखाना के संचालक अरुण प्रसाद ने बताया कि वे प्रतिदिन परसा स्थित अपने घर से पैदल अपने प्रतिष्ठान तक आते हैं. रास्ते में उन्हें इसी जलजमाव वाले क्षेत्र से गुजरना पड़ता है, जिसे लोग अब "स्विमिंग पूल" कहने लगे हैं. उन्होंने बताया कि पहले एसएच-70 की स्थिति ठीक थी. एनएच-20 का सर्विस रोड बनने के दौरान एनएचएआई के कर्मियों ने सड़क को खोदकर 2 फीट से अधिक गहरा गड्ढा कर दिया. बाद में सिर्फ खानापूर्ति के लिए पेवर ब्लॉक बिछा दिया गया.

ग्राहकों ने फेरा अपना मुंह

मिठाई दुकानदार अंजू देवी ने दर्द जताते हुए कहा कि बारिश के चार महीने हमारे लिए सबसे बुरे होते हैं. ग्राहक पानी भरी सड़क पार कर दुकान तक नहीं आना चाहते. उधारी बढ़ गई है और घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है. मनीष रेडीमेड के संचालक मनीष कुमार ने कहा कि एनएच बनने से पहले यहां रौनक रहती थी. अब सड़क पर पानी और कीचड़ रहने के कारण कोई रुकता ही नहीं. एनएच निर्माण हमारे लिए विकास की जगह अभिशाप बन गया है.

टूटी नालियों से बढ़े हादसे

सर्विस रोड के बगल में बनी नालियों की हालत भी बदतर है. नालियां कई महीनों से टूटी पड़ी हैं और जगह-जगह से धंस गई हैं. मनीष कुमार ने बताया कि लोग अंधेरे में और पानी में नालियों में गिरकर हाथ-पैर तुड़वा चुके हैं. रखरखाव करने वाली कंपनी ने अपनी जिम्मेदारी सिर्फ एक लोहे का एंगल सड़क के बीच में रखकर पूरी कर ली है. मिल दुकानदार छोटन कुमार ने बताया कि बाईपास के पास नालियों में ढक्कन तक नहीं लगाया गया है.

सांसद से शिकायत भी बेअसर

घसियाडीह निवासी संतोष कुमार बजरंगबली चौक पर छोटी दुकान चलाते हैं. उन्होंने बताया कि गंदे पानी के कारण उन्हें कई बार डेंगू भी हो चुका है. समस्या के समाधान के लिए उन्होंने एसडीएम रजौली और स्थानीय सांसद को भी प्रतिवेदन सौंपा. एसडीएम ने नगर पंचायत को प्रतिप्रतिलिपि भेजी, लेकिन फाइल वहीं दबकर रह गई. चार वर्षों से आसपास के ग्रामीण, राहगीर और दुकानदार जलजमाव से त्रस्त हैं और अब पलायन को मजबूर हैं.

अधिकारियों ने दिया आश्वासन

इस संबंध में एनएचएआई के पीडी सुभाष मीणा ने बताया कि संबंधित सभी त्रुटियों को दूर करने हेतु रखरखाव में जुटे कंपनी के प्रतिनिधि आर. के. त्रिपाठी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. वहीं आर. के. त्रिपाठी ने कहा कि सिरदला रोड एवं सर्विस रोड के बगल में व्याप्त अतिक्रमणकारियों को नोटिस किया गया है. उन्होंने एक सप्ताह के भीतर सर्विस लेन से जुड़ी समस्याओं के निदान होने की बात कही है. रिपोर्ट भेजे जाने के बाद नाली निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा.

संयुक्त टीम करेगी जांच

इस संबंध में सीओ मो. गुफरान मजहरी ने बताया कि डीएम नवादा के निर्देश पर पथ निर्माण विभाग, पीएचईडी एवं एनएचएआई की एक संयुक्त टीम बनाई गई है. टीम द्वारा बाईपास में जलजमाव का सघन निरीक्षण किया गया है. इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करके जिला मुख्यालय भेजी जा रही है. उन्होंने भी स्थानीय दुकानदारों एवं राहगीरों को आश्वस्त किया कि जल्द ही इस जलजमाव की समस्या से पूर्ण मुक्ति मिलेगी.

Also Read: नवादा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार छात्र को रौंदा, कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे परिजन


विज्ञापन
Kr Manish Dev

लेखक के बारे में

By Kr Manish Dev

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन