‘हम कथा सुनाते राम सकल गुणधाम की...’ की धुन पर झूमे नवादावासी, सांसद अरुण गोविल भी पहुंचे, 5 हजार विद्यार्थियों ने किया संगीतमय रामचरितमानस पाठ
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत करते अतिथिगण | Prabhat Khabar Network
Nawada News : नवादा के मॉडर्न शैक्षणिक समूह में तुलसी जयंती पर 5000 छात्रों ने एक साथ रामचरितमानस का पाठ किया. मुख्य अतिथि अरुण गोविल ने छात्रों को संस्कारित रहने की सीख दी.
Nawada News : तुलसी जयंती सप्ताह समारोह के अवसर पर रविवार को मॉडर्न शैक्षणिक समूह, नवादा के तत्वावधान में मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, कुंतीनगर में भव्य संगीतमय श्रीरामचरितमानस पाठ का आयोजन किया गया. ‘हम कथा सुनाते राम सकल गुणधाम की, यह रामायण है पुण्यकथा श्रीराम की...’ की धुन पर पांच हजार से अधिक विद्यार्थियों ने एक साथ सस्वर पाठ किया. मॉडर्न शैक्षणिक समूह की विभिन्न संस्थाओं के छात्र-छात्राओं ने श्रीरामचरितमानस के बालकांड के सीता स्वयंवर, धनुष यज्ञ एवं श्रीराम-लक्ष्मण-परशुराम संवाद का संगीतमय पाठ कर पूरे परिसर को भक्ति, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना से सराबोर कर दिया.
आपके शहर में
समारोह में रामानंद सागर कृत लोकप्रिय दूरदर्शन धारावाहिक ‘रामायण’ में भगवान श्रीराम की भूमिका निभाने वाले अभिनेता एवं मेरठ के सांसद अरुण गोविल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उनके आगमन से कार्यक्रम की भव्यता और गरिमा और बढ़ गई. वहीं, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा भी समारोह में शामिल हुए.
Also Read : नवादा के बिजली की शिकायतों के लिए फीडरवार हेल्पलाइन नंबर जारी, 24 घंटे सक्रिय रहेगा कॉल सेंटर
भगवा रंग में सजा विद्यालय परिसर, चंदन तिलक में दिखी संस्कारों की झलक
कार्यक्रम को लेकर मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, कुंतीनगर का पूरा परिसर आकर्षक ढंग से सजाया गया था. परिसर में लगे भगवा ध्वज और धार्मिक-सांस्कृतिक सजावट आकर्षण का केंद्र रही. अतिथियों के विद्यालय पहुंचने पर मुख्य द्वार से पुष्पगुच्छ, पुष्पवर्षा, आरती एवं मंगलाचार के साथ आत्मीय स्वागत किया गया.
मानस पाठ में शामिल हजारों विद्यार्थी भगवा परिधान में नजर आए. विद्यार्थियों के मस्तक पर लगा चंदन तिलक भारतीय संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना की सुंदर अभिव्यक्ति प्रस्तुत कर रहा था.
दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का उद्घाटन
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, मुख्य अतिथि अरुण गोविल, मॉडर्न शैक्षणिक समूह के अध्यक्ष डॉ. अनुज कुमार, नवादा जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार तथा बिहार टीचर्स ट्रेनिंग संगठन के महासचिव डॉ. शैलेश कुमार ने मंगलदीप प्रज्ज्वलित कर किया.
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मॉडर्न शैक्षणिक समूह द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, सभ्यता और नैतिक मूल्यों के संस्कार विकसित करने का प्रेरणादायी प्रयास है. भौतिकवादी दौर में हजारों विद्यार्थियों का एक साथ श्रीरामचरितमानस का पाठ करना अपने आप में अत्यंत सराहनीय है. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और विद्यार्थियों को आयोजन के लिए बधाई दी.

‘श्रीराम के चरित्र को आत्मसात करें, सफलता कदम चूमेगी’ : अरुण गोविल
अरुण गोविल ने कहा कि मॉडर्न शैक्षणिक समूह के इस भव्य आयोजन में शामिल होकर वे स्वयं को गौरवान्वित और अभिभूत महसूस कर रहे हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि श्रीराम का जीवन सत्य, संयम, धैर्य, कर्तव्य और मर्यादा का संदेश देता है. जीवन में परिस्थितियां कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, व्यक्ति को आवेश में निर्णय लेने के बजाय धैर्य और विवेक से काम लेना चाहिए.
उन्होंने ‘रामायण’ धारावाहिक के निर्माण के दौरान के कुछ रोचक और यादगार प्रसंग भी विद्यार्थियों के साथ साझा किए. राम-रावण संवाद से जुड़े प्रसंग सुनकर छात्र-छात्राएं विशेष रूप से उत्साहित नजर आए.

सामूहिक मेहनत और अनुशासन का परिणाम है आयोजन : डॉ. अनुज कुमार
मॉडर्न शैक्षणिक समूह के अध्यक्ष एवं निदेशक डॉ. अनुज कुमार ने कहा कि हजारों विद्यार्थियों की सहभागिता वाला यह आयोजन विद्यालय के हिंदी शिक्षकों और विद्यार्थियों की सामूहिक मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण का परिणाम है. उन्होंने कहा कि रामचरितमानस केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता, संस्कृति, नैतिकता और जीवन-मूल्यों की अमूल्य धरोहर है. बच्चों को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने वाले ऐसे कार्यक्रमों की विशेष आवश्यकता है.
समूह के सचिव डॉ. शैलेश कुमार ने कहा कि श्रीरामचरितमानस हमें परिवार के वास्तविक स्वरूप की प्रेरणा देता है. इसके अनुसार परिवार वह पवित्र संस्था है, जहां प्रेम संबंधों को जोड़ता है, संस्कार उन्हें मजबूत करते हैं और त्याग एवं मर्यादा उन्हें स्थायी बनाते हैं.
तीन घंटे तक गूंजता रहा श्रीरामचरितमानस का संगीतमय पाठ
विद्यार्थियों ने बालकांड के धनुष यज्ञ प्रसंग एवं श्रीराम-लक्ष्मण-परशुराम संवाद का भावपूर्ण और संगीतमय पाठ किया. मंच पर 11 छात्र-छात्राओं ने मुख्य प्रस्तुति दी, जबकि हजारों विद्यार्थी विशाल पंडाल में बैठकर सामूहिक रूप से पाठ में सहभागी बने. बिहार के प्रसिद्ध तबला वादक नंदन झा ने वादन से संगत की.
मंचीय प्रस्तुति में अनुराधा, साक्षी, प्रिया, रिद्धिमा, परी, आराध्या, तुली, साक्षी एवं अनमोल ने प्रभावशाली भूमिका निभाई. संगीत शिक्षक पवन कुमार और अनिल कुमार ने हारमोनियम एवं नाल के माध्यम से प्रस्तुति को संगीतमय ऊंचाई प्रदान की. मंच संचालन प्रज्ञा दूबे, अदिति सिन्हा और परिधि ने किया.
सामूहिक आरती के साथ हुआ समारोह का समापन
कार्यक्रम के समापन पर प्रभु श्रीराम की सामूहिक आरती की गई. इसके बाद उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.
Also Read : भाजपा किसान मोर्चा की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर, गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क का निर्देश
अरुण गोविल के साथ सेल्फी को लेकर विद्यार्थियों में दिखा उत्साह
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अरुण गोविल के साथ तस्वीर और सेल्फी लेने के लिए विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला. विद्यार्थियों ने ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से विद्यालय परिसर को लंबे समय तक गुंजायमान रखा. कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. सुजय कुमार, एम.के. विजय, मुकेश कुमार, धर्मवीर सिन्हा, विजय अकेला, चंद्रदीप प्रसाद, समीर सौरभ, दीपक पुष्टि, धर्मप्रकाश, रौशन मिश्रा, राकेश रोशन, एस.के. रंजन, विपुल कुमार, दिनेश कुमार झा, बी.एन. झा, सुनील कुमार वर्मा, समुद्र शंकर कर, आशुतोष आनंद, अंजना दीक्षित, स्वीटी कुमारी, अनुमेहा कुमारी, प्रतिभा कुमारी, प्राची, वंदना कुमारी, लक्की कुमारी, बिस्मिता साहू, रुपाली कुमारी, हनी कुमारी और शांभवी वत्स सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का सक्रिय सहयोग रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए