नवादा में फर्जी चालान पर गिट्टी ढो रहा 12 चक्का ट्रक जब्त, बिना चालान बालू लदा ट्रैक्टर भी पकड़ा गया

Updated:
विज्ञापन

थाना परिसर में जब्त बालू लदे ट्रैक्टर के साथ खनन निरीक्षक व पुलिस बल | Prabhat Khabar Network

Nawada News : रजौली जांच चौकी पर एसडीएम ने फर्जी चालान पर गिट्टी ढो रहे ट्रक को जब्त किया. प्रशासन ने ट्रक पर 10 लाख और बालू लदे ट्रैक्टर पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है.

विज्ञापन

Nawada News : रजौली. बिहार-झारखंड सीमावर्ती चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर खनन माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है. एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन के नेतृत्व में हुई छापेमारी के दौरान फर्जी चालान पर गिट्टी का परिवहन कर रहे 12 चक्का ट्रक को जब्त किया गया. वहीं, बिना चालान बालू का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को भी पकड़ा गया. दोनों वाहनों पर खनन विभाग की ओर से जुर्माना लगाया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

फर्जी चालान पर कई बार कर रहा था गिट्टी की ढुलाई

जांच चौकी पर झारखंड के कोडरमा से गिट्टी लादकर आ रहे ट्रक संख्या जेएच12एफ6316 को रोककर जांच की गई. जांच के दौरान पता चला कि ट्रक पिछले तीन-चार दिनों में कई बार रजौली टोल प्लाजा से आ-जा चुका है. अधिकारियों के अनुसार कुछ ट्रक मालिक एक ही चालान का बार-बार इस्तेमाल कर गिट्टी का परिवहन करते हैं. चालान की वैधता तीन दिन से एक सप्ताह तक होने का फायदा उठाकर एक ही चालान पर कई खेप ढोने की बात सामने आई है.

अधिकारियों ने बताया कि कोडरमा से पटना तक एक ही चालान का बार-बार इस्तेमाल कर सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा था. एसडीएम के निर्देश पर ट्रक को समेकित जांच चौकी पर जब्त कर लिया गया. खनन विभाग की ओर से ट्रक पर करीब 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है.

बिना चालान बालू लदा ट्रैक्टर भी जब्त

अभियान के दौरान बिना चालान बालू लदे ट्रैक्टर संख्या जेएच02बीएल7404 को भी पकड़ा गया. कार्रवाई के बाद ट्रैक्टर को थाना परिसर में खड़ा कराया गया है. ट्रैक्टर पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन और खनिज परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा है.

राजस्व क्षति रोकने के लिए लगातार जांच अभियान

जिला खनन पदाधिकारी अमन प्रत्यय ने बताया कि झारखंड के कोडरमा समेत अन्य क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में गिट्टी लदे ट्रक समेकित जांच चौकी से होकर गुजरते हैं. सरकार के राजस्व को होने वाली क्षति को रोकने के लिए लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि खनन एवं खनिज परिवहन में अनियमितता बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. नियमों का उल्लंघन करते पकड़े जाने पर संबंधित वाहन मालिकों और चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

खनन विभाग और पुलिस की टीम रही मौजूद

कार्रवाई के दौरान जिला खनन पदाधिकारी अमन प्रत्यय के निर्देश पर खनन निरीक्षक आजाद पासवान, थाना के एएसआई सत्यदेव प्रसाद और सशस्त्र पुलिस बल के जवान मौजूद रहे. अधिकारियों ने जांच चौकी पर वाहनों के कागजात और चालान की जांच करते हुए खनिज परिवहन में नियमों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया.

Also Read : नवादा में एनएच-20 को सुरक्षित बनाने की कवायद तेज, 27 करोड़ की योजना से ट्रैफिक मिरर और फुट ओवरब्रिज समेत होंगी कई सुविधाएं


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन