नवादा: गोविंदपुर के जेई भरत शर्मा को भावभीनी विदाई, 4 साल में दोगुनी हुई बिजली व्यवस्था की क्षमता
विदाई समारोह में मौजूद लोग
गोविंदपुर पावर सबस्टेशन के जेई भरत शर्मा को कार्यकाल पूर्ण होने पर भव्य विदाई दी गई. उनके नेतृत्व में बिजली व्यवस्था में हुए बड़े बदलावों की सराहना की गई.
Nawada News: गोविंदपुर पावर सबस्टेशन के कनीय विद्युत अभियंता (जेई) भरत शर्मा के कार्यकाल पूर्ण होने पर सोमवार को पावर सबस्टेशन परिसर में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में अधिकारियों, बिजली विभाग के कर्मियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं स्थानीय लोगों ने उन्हें शाल, बुके और फूलों की माला पहनाकर सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी.
अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने किया सम्मानित
समारोह में नवादा के कार्यपालक विद्युत अभियंता अनिल कुमार भारती, रजौली सहायक विद्युत अभियंता राहुल कुमार, बरेव के जेई सह प्रभारी एवं गोविंदपुर पीएसएस प्रभारी धर्मजय कुमार, मानव बल चंद्रकांत कुमार, संतोष कुमार, अजय दास, रहबर आलम, समाजसेवी राजेश कुमार, पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.
चार वर्षों में बिजली व्यवस्था में हुए बड़े बदलाव
वक्ताओं ने भरत शर्मा के चार वर्ष के कार्यकाल को गोविंदपुर विद्युत व्यवस्था के लिए उपलब्धियों से भरा बताया. उनके नेतृत्व में पावर सबस्टेशन के अंतर्गत संचालित फीडरों की संख्या तीन से बढ़कर छह हो गई. इसके अलावा क्षेत्र में करीब 105 अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए गए, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलने लगी.
सबस्टेशन की क्षमता बढ़ी, मिला डबल पावर सोर्स
समारोह में बताया गया कि पहले पावर सबस्टेशन में केवल 8 एमवीए क्षमता का एक ट्रांसफार्मर था. उनके प्रयासों से 10 एमवीए का एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया, जिससे कुल क्षमता बढ़कर 18 एमवीए हो गई.
इसके साथ ही पहले गोविंदपुर पावर सबस्टेशन को केवल अकबरपुर से 33 केवी की एकल विद्युत आपूर्ति मिलती थी. भरत शर्मा के कार्यकाल में बरेव पावर स्टेशन से भी 33 केवी का दूसरा स्रोत उपलब्ध कराया गया. इससे गोविंदपुर को डबल सोर्स की सुविधा मिली और बिजली आपूर्ति अधिक विश्वसनीय हो गई.
सरल स्वभाव और कार्यशैली को किया गया याद
वक्ताओं ने भरत शर्मा के सरल स्वभाव, कार्यकुशलता और जनता के प्रति सकारात्मक व्यवहार की सराहना की. विदाई समारोह के दौरान कई लोग भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं. उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










