नवादा: फतेहपुर पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को लगेगा सहयोग शिविर, बीडीओ ने की लोगों से भाग लेने की अपील

फतेहपुर पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को लगेगा सहयोग शिविर | Prabhat Khabar Network
नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड में 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया जा रहा है. इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है. बीडीओ ने सभी से भाग लेने की अपील की है.
Nawada News: बिहार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड की फतेहपुर पंचायत सरकार भवन में 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया जाएगा. शिविर में प्रखंड व अंचल स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी एक ही छत के नीचे मौजूद रहेंगे.
एक ही जगह मिलेंगी कई सरकारी सेवाएं
सहयोग शिविर के संबंध में जानकारी देते हुए अकबरपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राधा रमण मुरारी ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता को सरकारी दफ्तरों और बिचौलियों के चक्कर काटने से मुक्ति दिलाना है. शिविर में पेंशन, राशन, राजस्व और अन्य लोक कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े नए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे तथा पात्र लाभुकों की समस्याओं का त्वरित (ऑन-द-स्पॉट) निष्पादन करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा.
जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों से भाग लेने की अपील
बीडीओ ने फतेहपुर पंचायत के तमाम जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और आम ग्रामीणों से अपील की है कि वे समय पर शिविर में पहुंचे. लोग अपनी समस्याओं तथा योजनाओं से संबंधित आवश्यक कागजात के साथ आकर इस पहल का पूरा लाभ उठाएं, ताकि सरकार की मंशा के अनुसार पारदर्शी तरीके से हर जरूरतमंद तक मदद पहुंच सके.
प्रशासनिक अधिकारियों को दिए गए कड़े निर्देश
प्रखंड प्रशासन की ओर से सभी संबंधित विभागों के कर्मियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का कड़ा निर्देश दिया गया है. अधिकारियों को ताकीद की गई है कि वे आमजनों से संवेदनशीलता के साथ मिलें और उन्हें बेहतर व त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराएं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










