नवादा में जनगणना प्री-टेस्ट का औचक निरीक्षण, केंद्र की टीम ने परखी जमीनी हकीकत; रजिस्टर और डेटा एंट्री की जांच

Author Kr manish dev|Edited by Raginisharma
Updated:
विज्ञापन
 निरीक्षण करते अधिकारी एवं एसडीएम व बीडीओ के साथ अन्य

निरीक्षण करते अधिकारी एवं एसडीएम व बीडीओ के साथ अन्य

भारत सरकार की एक उच्चस्तरीय टीम ने नवादा के रजौली प्रखंड में जनगणना 2027 के प्री-टेस्ट का औचक निरीक्षण किया. टीम ने जमीनी स्तर पर कार्य का जायजा लिया और गणनाकारों से सीधे फीडबैक लिया. यह प्री-टेस्ट मुख्य जनगणना की रणनीति तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

विज्ञापन

Nawad Census 2027 Pre-Test : नवादा जिले के रजौली प्रखंड में चल रहे जनगणना 2027 के प्री-टेस्ट का भारत सरकार की उच्चस्तरीय टीम ने औचक निरीक्षण किया. टीम ने गांव-गांव पहुंचकर जमीनी स्तर पर हो रहे कार्यों का जायजा लिया और गणनाकारों से सीधे बातचीत कर फीडबैक लिया. निरीक्षण के दौरान डेटा संग्रहण की प्रक्रिया, फॉर्म भरने में आ रही दिक्कतों और ग्रामीणों के सहयोग जैसे अहम पहलुओं की बारीकी से जांच की गई. इस दौरान अधिकारियों ने साफ किया कि जनगणना का यह प्री-टेस्ट पूरे देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी के आधार पर मुख्य जनगणना की रणनीति तय होगी.

निरीक्षण टीम का नेतृत्व जनगणना निदेशालय भारत सरकार की निदेशक आईएएस रंजिता ने किया. उनके साथ उप निदेशक हेमंत कुमार, सहायक निदेशक अंगद कुमार सिंह समेत पूरी टीम मौजूद रही. बिहार में रजौली प्रखंड के साथ-साथ सारण जिले के सोनपुर नगर परिषद में भी यह प्री-टेस्ट चल रहा है. अधिकारियों ने बताया कि इस अभ्यास के जरिए फील्ड में आने वाली संभावित समस्याओं को पहले ही पहचानकर दूर किया जाएगा, ताकि 2027 की मुख्य जनगणना को अधिक सटीक और प्रभावी बनाया जा सके.

Nawada News: तीन गांवों में पहुंचकर लिया फीडबैक

निरीक्षण के दौरान टीम ने सिरोडावर पंचायत के सोहदा गांव, जोगियामरान पंचायत के कर्मकला गांव और लेंगुरा पंचायत के तारगिर गांव का दौरा किया. हर जगह टीम ने सुपरवाइजरों और गणनाकारों से सीधे बातचीत की और कामकाज की वास्तविक स्थिति को समझा. डेटा एंट्री, सर्वे प्रक्रिया और ग्रामीणों की भागीदारी को लेकर विस्तार से जानकारी ली गई.

तारगिर गांव स्थित एसआरएस यूनिट में भी टीम ने रिकॉर्ड और प्रविष्टियों की गहन जांच की. यहां मौजूद सुपरवाइजर राधेश्याम, जनगणना निदेशालय की प्रतिनिधि माधुरी कुमारी और अन्य कर्मियों से अधिकारियों ने कई बिंदुओं पर चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

Census 2027 : स्थानीय प्रशासन भी रहा साथ, तैयारियों की दी जानकारी

इस दौरान रजौली एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन, बीडीओ संजीव झा, सीओ मो. गुफरान मजहरी समेत अन्य जिला और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे. उन्होंने केंद्र की टीम को प्रखंड में चल रही तैयारियों और अब तक की प्रगति की जानकारी दी.

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना 2027 के लिए यह प्री-टेस्ट बेहद अहम कड़ी है. इससे न केवल तकनीकी और व्यवहारिक समस्याओं का आकलन होगा, बल्कि जमीनी स्तर पर काम कर रहे कर्मचारियों को भी बेहतर दिशा मिलेगी.

Nawada Census Inspection: सटीक डाटा पर जोर, लोगों से सहयोग की अपील

निरीक्षण के दौरान टीम ने गणनाकारों और सुपरवाइजरों को सख्त निर्देश दिया कि डाटा संग्रहण पूरी तरह सटीक और पारदर्शी होना चाहिए. किसी भी तरह की लापरवाही भविष्य में बड़ी त्रुटि बन सकती है.

नवादा की सभी ख़बरें यहां पढ़ें

साथ ही ग्रामीणों से भी अपील की गई कि वे जनगणना कार्य में पूरा सहयोग करें. अधिकारियों ने कहा कि जनगणना सिर्फ आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की नींव होती है. सही जानकारी मिलने से ही सरकार बेहतर नीतियां बना सकती है.

रजौली में हुआ यह औचक निरीक्षण साफ संकेत देता है कि केंद्र सरकार जनगणना 2027 को लेकर किसी भी स्तर पर चूक नहीं चाहती. अब यह देखना अहम होगा कि प्री-टेस्ट के दौरान मिले फीडबैक के आधार पर कितनी तेजी से सुधार किए जाते हैं और मुख्य जनगणना को कितना प्रभावी बनाया जा पाता है.

Also Read : नवादा में 20 लाख का लोन घोटाला: फर्जी कागजात से पड़ोसी के मकान पर उठाया कर्ज, वसूली करने पहुंचे बैंक कर्मी तो खुला बड़ा खेल


विज्ञापन
Kr Manish Dev

लेखक के बारे में

By Kr Manish Dev

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन