महादेव पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट के छठे स्थापना दिवस पर ‘स्वावलंबी महिला सशक्त भारत’ योजना लॉन्च
स्थापना दिवस की शुरुआत करते अतिथि और कार्यकर्ता
Nawada News : महादेव पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट ने बिटिया सम्मान और स्वावलंबी महिला सशक्त भारत योजना लांच की. बेटियों की शिक्षा, विवाह और महिलाओं को रोजगार के लिए मिलेगी आर्थिक मदद.
Nawada News : हिसुआ की नीति आयोग में पंजीकृत एवं आईएसओ प्रमाणित संस्था महादेव पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट ऑफ इंडिया के छठे स्थापना दिवस पर ‘बिटिया सम्मान’ सह ‘स्वावलंबी महिला सशक्त भारत योजना’ की शुरुआत की गई. योजना के तहत बेटियों की पढ़ाई और विवाह के साथ महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए आर्थिक और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की गई. गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए एक लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने की बात भी कही गई.
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का किया गया शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों और संस्था के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की. इस दौरान संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष अरुण कुमार, पूर्व भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर शैलेश प्रसाद, धीरज कुमार, कुमार आर.के. सिंह, नीलेश कुमार, पंकज कुमार, मनोज कुमार, राहुल कुमार, विवेक कुमार, केशव कुमार और ब्रजेश कुमार सहित अन्य लोगों ने समाज सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.
महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मिलेगी तकनीकी और प्रशासनिक मदद
संस्था की ओर से बताया गया कि ‘स्वावलंबी महिला सशक्त भारत योजना’ के तहत पंजीकृत महिलाओं को नया उद्योग या स्वरोजगार स्थापित करने में तकनीकी एवं प्रशासनिक सहयोग दिया जाएगा. महिलाओं को हुनरमंद बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी. इसके अलावा महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ आयात-निर्यात में भी संस्था सहयोग करेगी.
बेटियों की उच्च शिक्षा का खर्च उठाएगी संस्था
योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की उन बेटियों को भी सहायता देने की घोषणा की गई, जो उच्च शिक्षा या तकनीकी पाठ्यक्रम करना चाहती हैं. संस्था की ओर से बताया गया कि पात्र बेटियों के कॉलेज की पूरी फीस की जिम्मेदारी संस्था स्वयं उठाएगी. इसका उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों के कारण बेटियों की पढ़ाई बाधित होने से रोकना और उन्हें उच्च शिक्षा से जोड़ना है.
बेटियों की शादी के लिए एक लाख रुपये तक की सहायता
संस्था की ओर से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में भी आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की गई. योजना के तहत पात्र परिवारों की बेटियों की शादी के लिए एक लाख रुपये तक की राशि उपलब्ध कराई जाएगी. संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों के विवाह में सहयोग देना है.
नवादा और आसपास के जिलों की महिलाओं को मिलेगा लाभ
संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष अरुण कुमार ने कहा कि पिछले छह वर्षों से संस्था लगातार जमीनी स्तर पर लोगों की मदद कर रही है. नई योजना के शुरू होने से नवादा और आसपास के जिलों की हजारों महिलाओं और बेटियों को सीधे तौर पर लाभ मिलने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और बेटियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










