नवादा: बलिया गांव में सड़क-नाली निर्माण का मुद्दा गरमाया, महिलाओं ने बीडीओ को सौंपा आवेदन

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बलिया गांव में 120 घरों के लिए आज तक नहीं बनी पक्की सड़क और नाली. बरसात में कीचड़ से नारकीय हालात, गर्भवती और बीमारों को सबसे ज्यादा परेशानी. महिलाओं ने दी घेराव की चेतावनी.

विज्ञापन

नवादा. रजौली प्रखंड के सिरोडाबर पंचायत के बलिया गांव में सड़क और नाली निर्माण का मुद्दा अब तूल पकड़ने लगा है. तीन दिन पूर्व गांव की महिलाओं, पुरुषों और स्कूली बच्चों द्वारा किये गये विरोध प्रदर्शन के बाद मंगलवार को गांव की महिलाएं प्रखंड कार्यालय पहुंचीं और बीडीओ को लिखित आवेदन सौंपा. बलिया गांव की लक्ष्मी कुमारी और संगीता देवी के नेतृत्व में दर्जनों महिलाएं प्रखंड कार्यालय पहुंचीं और बीडीओ संजीव झा को आवेदन देकर अपनी पीड़ा सुनायी.

विज्ञापन

120 घरों की आबादी, अब तक नहीं बनी पक्की सड़क

आवेदन में बताया गया है कि सिरोडाबर पंचायत के वार्ड संख्या 2 स्थित बलिया गांव में लगभग 120 घरों की आबादी है, लेकिन आज तक गांव में पक्की सड़क और नाली का निर्माण नहीं हो सका है. ग्रामीणों का कहना है कि कच्चे रास्ते के कारण बरसात के दिनों में स्थिति नारकीय हो जाती है. पूरा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानी होती है.

गर्भवती और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी

ग्रामीणों के अनुसार, सबसे ज्यादा परेशानी गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों को होती है, क्योंकि कीचड़ के कारण गांव में ई-रिक्शा और एंबुलेंस भी नहीं पहुंच पाती. ग्रामीण इस समस्या को कई वर्षों से झेल रहे हैं.

लक्ष्मी कुमारी और संगीता देवी ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायत की गयी, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला. अब ग्रामीणों में काफी आक्रोश है.

एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो घेराव की चेतावनी

ग्रामीण महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क और नाली निर्माण की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो गांव की सभी महिलाएं और बच्चे प्रखंड कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे.

क्या कहते हैं अधिकारी

इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव झा ने बताया कि ग्रामीण महिलाओं का आवेदन प्राप्त हुआ है. उन्होंने कहा कि लंबी सड़क के निर्माण के लिए बड़ी योजना की आवश्यकता है. इसको लेकर ग्रामीण कार्य विभाग को पत्राचार किया जायेगा और जल्द से जल्द समाधान का प्रयास किया जायेगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन