नवादा में कर्मा पूजा की खरीदारी कर लौट रही थीं महिलाएं, 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरी ई-रिक्शा; कई लोग घायल

Updated:
विज्ञापन

अस्पताल परिसर में इलाजरत घायल महिलाएं व बच्चा | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

रजौली में ई-रिक्शा के 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरने से कर्मा पूजा की खरीदारी कर लौट रही 3 महिलाएं और एक बच्चा घायल हो गए. नाबालिग चालक की बात सामने आई, जिससे हड़कंप मच गया.

विज्ञापन

Nawada road accident: रजौली थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया. एसएच-70 पर बैरिया मोड़ के समीप शाम करीब छह बजे एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 15 फीट नीचे गड्ढे में जा गिरा. हादसे में ई-रिक्शा पर सवार तीन महिलाएं और डेढ़ साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी.

विज्ञापन

डायल 112 की सूचना पर पहुंची पुलिस

स्थानीय निवासी गौरव सिंह ने तत्परता दिखाते हुए डायल 112 को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को ई-रिक्शा से निकालकर इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, रजौली में भर्ती कराया. अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. राजू कुमार और डॉ. गुलाम अनीश ने घायलों का इलाज शुरू किया.

तीन महिलाएं और डेढ़ साल का बच्चा घायल

डॉक्टरों के अनुसार घायलों में करमा कला गांव निवासी सकलदेव साव की पत्नी आरती देवी, बखोरी गांव निवासी अजय चौधरी की पत्नी सरिता देवी और हेमजा भारत निवासी चुरामन मांझी की पत्नी नीलम देवी शामिल हैं. नीलम देवी के साथ उनका डेढ़ साल का बच्चा भी घायल हुआ है. आरती देवी के सिर और सरिता देवी के पैर में गंभीर चोट आयी है. सभी घायलों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है. सूचना मिलने के बाद घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गये.

13-14 साल का बच्चा चला रहा था ई-रिक्शा

हादसे के बाद मामले में नाबालिग के ई-रिक्शा चलाने की बात सामने आयी है. बखोरी निवासी प्रहलाद चौधरी ने बताया कि जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि ई-रिक्शा को 13 से 14 साल का एक नाबालिग बच्चा चला रहा था. ग्रामीणों ने ई-रिक्शा को अपने पास रख लिया है, ताकि इलाज का खर्च चालक से वसूला जा सके.

कर्मा पूजा की खरीदारी कर लौट रही थीं महिलाएं

घायल महिलाओं ने बताया कि वे सभी रजौली बाजार से कर्मा पूजा की खरीदारी कर अपने-अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान बैरिया मोड़ के समीप ई-रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया और वे उसके नीचे दब गयीं.

नाबालिग ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ होगी जांच

थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है. पीड़ितों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नाबालिग ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन