रजौली में चार-पांच दिनों से खाद वितरण ठप, घंटों कतार में लगकर खाली हाथ लौट रहे किसान

Updated:
विज्ञापन

बिस्कोमान केंद्र के बाहर लाइनों में खड़े परेशान किसान | Prabhat Khabar Network

Nawada News : रजौली बिस्कोमान केंद्र पर खाद वितरण ठप होने से किसान परेशान हैं. मैनेजर की मनमानी और लापरवाही के कारण महिलाओं को भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है.

विज्ञापन

Nawada News : रजौली. सरकारी दावों और धरातल की हकीकत में जमीन-आसमान का फर्क नजर आ रहा है. रजौली प्रखंड मुख्यालय स्थित अर्चना होटल परिसर में संचालित बिस्कोमान कृषक सेवा केंद्र पर बीते चार-पांच दिनों से खाद वितरण पूरी तरह ठप है. इसके कारण सुबह से शाम तक कतार में लगने वाले महिला-पुरुष किसानों को बिना खाद लिए ही घर लौटने को मजबूर होना पड़ रहा है. किसानों का आरोप है कि केंद्र के मैनेजर सतीश कुमार की मनमानी और लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी हुई है. किसानों का कहना है कि सरकारी व्यवस्था के तहत पर्याप्त खाद की आपूर्ति होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें रोजाना भाड़ा खर्च कर केंद्र का चक्कर लगाना पड़ रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Also Read : 28 अगस्त को मनेगा रक्षाबंधन, राखी बाजारों में बढ़ी चहल-पहल

नवादा >

विरोध करने पर आधार कार्ड समेत कागजात फाड़ने का आरोप

पीड़ित किसानों ने आरोप लगाया कि खाद नहीं मिलने का विरोध करने पर मैनेजर द्वारा आधार कार्ड तक फाड़कर फेंक दिए जाते हैं. कर्णपुर की प्रमिला देवी, नावाडीह की सिया देवी, सीता देवी और रेखा देवी समेत कई सोमवार व्रती महिलाएं बीते पांच दिनों से खाद के लिए केंद्र का चक्कर काट रही हैं. उनका कहना है कि खेत और घर का काम छोड़कर केंद्र पहुंचने के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है.

कुम्हरुआ की सीमा देवी, रेणु देवी और मंझला निवासी रितेश कुमार ने कहा कि किसान बेरोजगार नहीं हैं कि रोज-रोज खाद के लिए लाइन में लगते रहें. किसानों के अनुसार, मैनेजर की ओर से यह कह दिया जाता है कि आज खाद नहीं मिलेगा. बात बढ़ने पर कागजात फाड़ दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है.

बिस्कोमान से खाद लेने पर अतिरिक्त खर्च की शिकायत

मंझला निवासी किसान रितेश कुमार और संदीप रजक ने बताया कि बिस्कोमान में दो बोरा खाद के लिए 760 रुपये लिये जा रहे हैं, जबकि बाजार में वही खाद 840 रुपये में उपलब्ध है. किसानों के अनुसार, कीमत में अंतर करीब 80 रुपये का है, लेकिन बिस्कोमान केंद्र का चक्कर लगाने में आने-जाने पर ही रोजाना 80 से 100 रुपये खर्च हो जा रहे हैं. किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि खाद के साथ नैनो तेल लेने के लिए भी दबाव बनाया जाता है.

बीएओ बोले- पर्याप्त स्टॉक, किसानों को घबराने की जरूरत नहीं

पूरे मामले पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी रौशन कुमार ने किसानों को आश्वस्त किया है. उन्होंने कहा कि बिस्कोमान गोदाम में खाद का पर्याप्त स्टॉक पहले से मौजूद है और सोमवार को नई खेप भी पहुंची है. खाद की कोई कमी नहीं है और सभी किसानों को नियमानुसार खाद उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने किसानों से घबराने नहीं और धैर्य रखने की अपील की.

हालांकि, बीएओ के आश्वासन के बावजूद केंद्र पर अव्यवस्था और किसानों की लंबी कतार की स्थिति बनी हुई है. किसान खाद वितरण व्यवस्था को सुचारु कराने और उन्हें समय पर खाद उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं.

Also Read : नवादा में ऑपरेशन के 12 घंटे बाद महिला की मौत पर हंगामा, अस्पताल प्रबंधक ने 200 लोगों पर दर्ज करायी प्राथमिकी


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन